IAS Mandeep Bhandari Profile : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) को लेकर बड़ी खबर है. बोर्ड को नया चेयरपर्सन मिल गया है. केंद्र सरकार ने 2001 बैच के IAS अधिकारी मंदीप के भंडारी को CBSE का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नियुक्ति समिति (ACC) ने मंदीप के भंडारी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. बता दें कि मंदीप लोखंडे प्रशांत सिताराम की जगह पदभार संभालेंगे, जो अतिरिक्त प्रभार के रूप में CBSE चेयरपर्सन की जिम्मेदारी निभा रहे थे. तो चलिए जानते हैं कौन हैं मंदीप भंडारी..
कौन हैं मंदीप के भंडारी?मंदीप के भंडारी 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर से आते हैं. बता दें कि AGMUT कैडर में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं.
वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं. प्रशासनिक सेवा में उनके 25 साल से अधिक का अनुभव है. उनके सेवा रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने 10 अलग-अलग पदों पर काम किया है और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं.
डॉक्टर से बने IAS अधिकारी
मंदीप के भंडारी ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ और दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से MBBS की पढ़ाई की है. वह MBBS गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं. उनकी योग्यता में मेडिसीन और सर्जरी से जुड़ी स्पेशलिटी भी दर्ज है. यह योग्यता उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग बनाता है.
कई अहम पदों संभाल चुके हैं
अपने प्रशासनिक करियर में भंडारी ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. इनमें जॉइंट सेक्रेटरी, मंत्री के पर्सनल सेक्रटरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डिप्टी कमिश्नर, अतिरिक्त डेवलपमेंट कमिशनर, एडिशनल सेक्रटरी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जैसे पद शामिल हैं.
विदित हो कि रिजल्ट जारी होने के बाद से बोर्ड OSM (On-Screen Marking) सिस्टम को लेकर सवालों के घेरे में रहा था. बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स और पेरेंट्स ने आंसर शीट के कथित गड़बड़ी, पोर्टल में टेक्निकल, पेमेंट दिक्कतें और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में देरी जैसी शिकायतें दर्ज कराई थीं.
इसी मामले के बाद केंद्र सरकार ने जून 2026 में तत्कालीन CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह और बोर्ड सचिव हिमांशु गुप्ता को उनके पदों से हटा दिया था. साथ ही डिजिटल इवैल्यूएन सिस्टम की खरीद और संचालन की जांच के भी आदेश दिए गए थे.
यह भी पढ़ें - OBC छात्रों को अभी नहीं मिलेगा क्रीमी लेयर वाले फैसले का फायदा, जानें क्या है देरी की वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं