BPSC में चौथी रैंक पाने वाले परीक्षित मदान ने अब हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) भी क्रैक कर लिया है. HPSC में उन्होंने 364 अंक हासिल कर 27वीं रैंक प्राप्त की है. करीब 9 साल के संघर्ष के बाद मिली इन सफलताओं से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. हालांकि, अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार में SDM के रूप में सेवा जारी रखें या अपने गृह राज्य हरियाणा लौटकर काम करें. फिलहाल उन्होंने इसे लेकर कोई भी फैसला नहीं लिया है.
कॉरपोरेट से सिविल सेवा तक का सफर
परीक्षित ने द नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी से BBA की पढ़ाई की. परिवार का व्यवसाय होने के कारण शुरुआत में उनका झुकाव कॉरपोरेट सेक्टर की ओर था, लेकिन इंटर्नशिप के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि सिविल सेवा के जरिए वह लोगों के जीवन में सीधे बदलाव ला सकते हैं. इसके बाद उन्होंने 2017 में तैयारी शुरू की. इतिहास में रुचि के चलते उन्होंने इसे वैकल्पिक विषय (ऑप्शनल) चुना, MA किया और UGC NET JRF भी क्वालिफाई किया.
6 बार UPSC में असफल, लेकिन नहीं मानी हार
परीक्षित ने 6 बार UPSC की परीक्षा दी, जिसमें दो बार मेंस तक पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली. उन्होंने पहले भी हरियाणा और उसके साथ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के इंटरव्यू दिए और पंजाब PCS की मेंस परीक्षा भी लिखी. इन अनुभवों से सीखते हुए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी, जिसका परिणाम BPSC और अब HPSC की सफलता के रूप में सामने आया.

प्रीलिम्स से इंटरव्यू तक अलग रणनीति
परीक्षित ने प्रीलिम्स परीक्षा के लिए NCERT का बार-बार अध्ययन किया. भूगोल के लिए नक्शों और इतिहास के लिए टाइमलाइन का सहारा लिया. मेंस में आंसर राइटिंग पर विशेष ध्यान दिया और पिछले सालों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास किया.
बिहार या हरियाणा, अब किस ओर रुख करेंगे?
HPSC में सफलता के बाद परीक्षित ने कहा कि गृह राज्य, स्थानीय मुद्दों की समझ और सांस्कृतिक जुड़ाव उन्हें हरियाणा में काम करने के लिए प्रेरित करता है. NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बिहार में प्रशिक्षण ले रहे हैं. बिहार में SDM के रूप में काम करना या हरियाणा लौटना उनके लिए कठिन फैसला होगा, जिस पर विचार करने में समय लगेगा.
यह भी पढ़ें | IAS ममता यादव को J&K में बड़ी जिम्मेदारी, हरियाणा की Gen Z का UPSC में अनूठा रिकॉर्ड भी
यह भी पढ़ें | नकली खाने के बाद नकलचियों पर चलेगा तुकाराम मुंढे का डंडा? MPSC पेपर लीक में हुई एंट्री, आंदोलन खत्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं