बोर्ड परीक्षाओं को लेकर देशभर के छात्रों ने कमर कस ली है. आखिरी दो से तीन महीनों में होने वाली तैयारी काफी अहम होती है, इसमें लापरवाही से पूरे साल की मेहनत खराब हो सकती है. ऐसे में NDTV लगातार एक्सपर्ट टीचर्स से बातचीत कर छात्रों को बता रहा है कि उनके लिए क्या जरूरी है और कैसे वो अपनी तैयारी को परफेक्ट बना सकते हैं. इसके लिए इस बार हमने ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के रोशन आनंद से बातचीत की, जिन्होंने छात्रों के तमाम सवालों का जवाब दिया.
किन विषयों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए?
बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को रोशन आनंद सर ने सलाह दी कि सभी विषयों को बराबर अहमियत दें, लेकिन जिन विषयों में आत्मविश्वास कम है, उन्हें थोड़ा ज्यादा समय दें. हिंदी और अंग्रेजी में पढ़ने, लिखने और ग्रामर पर ध्यान दें. सोशल साइंस में जरूरी घटनाएं, तारीखें, मैप और मुख्य बातें दोहराएं. गणित और विज्ञान में सिर्फ फॉर्मूले रटने के बजाय कॉन्सेप्ट समझें और रोज सवालों की प्रैक्टिस करें.
आखिरी हफ्तों में रिवीजन कैसे करें
हजारों छात्रों को तैयारी करवाने वाले एक्सपर्ट टीचर ने बताया कि सिलेबस पूरा होने के बाद रिवीजन का एक प्लान बनाना चाहिए. सबसे पहले एनसीईआरटी की किताबों और हर विषय के जरूरी टॉपिक्स का रिवीजन करें. इसके बाद डेडलाइन के भीतर पिछले सालों के पेपर और सैंपल पेपर हल करने की प्रैक्टिस करें. जो चैप्टर मुश्किल लगते हैं, उन पर ज्यादा ध्यान दें. अपनी गलतियों को लिखने के लिए एक अलग कॉपी बनाएं, जिससे परीक्षा में वही गलतियां दोबारा न हों.
दो पेपर के बीच मिलने वाले गैप का सही इस्तेमाल कैसे करें?
दो परीक्षाओं के बीच जो समय मिलता है, उसका सही इस्तेमाल करना काफी जरूरी है. अगले पेपर के सिलेबस और अहम चैप्टर्स के हिसाब से पढ़ाई की प्राथमिकता तय करें. पहले मुश्किल टॉपिक्स तैयार करें और फिर जरूरी सवालों व फॉर्मूलों का रिवीजन करें. दिन भर लगातार पढ़ने के बजाय दिमाग को तरोताजा रखने के लिए बीच-बीच में छोटे ब्रेक लें. जो पेपर हो चुका है, उस पर ज्यादा चर्चा करने के बजाय पूरा ध्यान अगले पेपर की तैयारी पर लगाएं.
कॉपी चेक करते हुए एग्जामिनर क्या देखते हैं?
एक्सपर्ट ने बताया कि कॉपी चेक करते समय एग्जामिनर मुख्य रूप से देखते हैं कि जवाब कितना सही है, सवाल से जुड़ा है या नहीं, विषय की समझ कैसी है और मार्किंग स्कीम के हिसाब से लिखा गया है या नहीं. छात्रों को अपने जवाब साफ-सुथरे और व्यवस्थित तरीके से लिखने चाहिए. जरूरत के हिसाब से हेडिंग, बुलेट पॉइंट, डायग्राम, फॉर्मूले और उदाहरण दें. सबसे जरूरी ये है कि बेवजह की बातें लिखने से बचें और सीधे सवाल के हिसाब से सटीक जवाब लिखें.
गणित और विज्ञान जैसे विषयों की तैयारी कैसे करें?
गणित और विज्ञान में अच्छे नंबर लाने के लिए सिर्फ थ्योरी पढ़ लेना काफी नहीं है, रोजाना प्रैक्टिस करना भी उतना ही जरूरी है. मैथ्स के लिए एनसीईआरटी के सभी जरूरी सवाल हल करें, फॉर्मूलों का बार-बार रिवीजन करें और तय समय में सैंपल पेपर सॉल्व करें. वहीं साइंस के लिए फिजिक्स में न्यूमेरिकल और फॉर्मूलों पर फोकस करें. केमिस्ट्री में केमिकल इक्वेशन और कॉन्सेप्ट समझें. बायोलॉजी में डायग्राम और जरूरी जैविक प्रक्रियाओं पर खास ध्यान दें.
यह भी पढ़ें | बोर्ड परीक्षाओं के साथ कैसे करें JEE Main की तैयारी? एक्सपर्ट ने दिए टिप्स
यह भी पढ़ें | फरवरी से शुरू हो रहे हैं बोर्ड एग्जाम, इन 5 आसान टिप्स को फॉलो करके हर सब्जेक्ट में पा सकते हैं फुल मार्क्स!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं