CBSE के साथ-साथ तमाम राज्यों ने बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है, कुछ राज्यों में इसी महीने टाइम टेबल जारी हो जाएगा. ऐसे में छात्रों ने परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है, इनमें कई छात्र ऐसे भी हैं, जो JEE Main की तैयारी में भी जुटे हैं. यानी एक तरफ बोर्ड परीक्षाओं की टेंशन है तो दूसरी तरफ इंजीनियरिंग के लिए तैयारी भी करनी है. कई छात्र समझ नहीं पाते हैं कि कैसे एक साथ दोनों चीजों पर फोकस करें. ऐसे में हमने इसे लेकर एजुकेशन एक्सपर्ट से बातचीत की, जिसमें उन्होंने छात्रों को बताया कि उन्हें कैसे पढ़ाई करनी चाहिए.
एक्सपर्ट ने बताया तरीका
नारायणा आईआईटी एंड नीट एकेडमी के डायरेक्टर रजनीश शर्मा ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा, "चूंकि सीबीएसई बोर्ड और जेईई मेंस का सिलेबस बिल्कुल एक जैसा होता है, इसलिए छात्रों को सीबीएसई के सभी टॉपिक्स को गहराई से पढ़ना चाहिए. सीबीएसई बोर्ड परीक्षा थोड़ी आसान होती है, जबकि मेंस एक एप्लीकेशन-बेस्ड परीक्षा है. इसलिए, हर टॉपिक को पूरी स्पष्टता के साथ पढ़ना चाहिए और बेहतरीन न्यूमेरिकल सवाल हल करने चाहिए.
JEE Main के लिए ये चीज जरूरी
रजनीश शर्मा ने जेईई मेन की तैयारी को लेकर बताया कि पिछले 5 साल के जेईई मेंस के प्रीवियस ईयर पेपर्स को सॉल्व करना बेहद जरूरी है, जिससे परीक्षा के पैटर्न और कठिनाई के स्तर का सही अंदाजा लग सके. NCERT की किताबों को पढ़ना और समझना भी बहुत फायदेमंद होता है, खासतौर पर केमिस्ट्री के लिए. नवंबर महीने के बाद से 12वीं के सिलेबस पर फोकस करना बेहद मददगार साबित होगा.
कब है JEE Main परीक्षा?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के एग्जाम कैलेंडर के मुताबिक जेईई मेन परीक्षा 22 से 24 जनवरी और 28 से 30 जनवरी 2027 को आयोजित होगी. इसके लिए 31 जनवरी की बफर डेट भी रखी गई है. फिलहाल इसके लिए आवेदन जारी हैं और अब तक करीब 7 लाख से ज्यादा छात्र आवेदन पूरा कर चुके हैं. 22 नवंबर 2026 तक जेईई मेन के लिए आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट, रिपोर्ट में जारी हुए आंकड़े
यह भी पढ़ें | सभी अग्निवीरों को मिलेगी परमानेंट नौकरी: CDS एनएस राजा सुब्रमणि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं