विज्ञापन

डिग्री पूरी, परीक्षा भी खत्म, फिर भी रिजल्ट नहीं: STET 2026 का मौका छूटने के डर से BNMU में छात्रों का हंगामा

STET 2026 के आवेदन शुरू होने के बीच भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) के PG चौथे सेमेस्टर के छात्र रिजल्ट जारी नहीं होने से परेशान हैं. छात्रों का कहना है कि परीक्षा पूरी होने के बावजूद अंकपत्र और प्रोविजनल सर्टिफिकेट नहीं मिलने से वे STET आवेदन नहीं कर पा रहे हैं.

डिग्री पूरी, परीक्षा भी खत्म, फिर भी रिजल्ट नहीं: STET 2026 का मौका छूटने के डर से BNMU में छात्रों का हंगामा
विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों की नजर अब परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर टिकी है.

BNMU Result 2026 : मधेपुरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि एक तरफ शिक्षक बनने का सपना दूसरी तरफ प्रतियोगी परीक्षा का मौका और इन दोनों के बीच अटक गया है विश्वविद्यालय का रिजल्ट. जिस परीक्षा के लिए छात्रों ने महीनों मेहनत की, किताबें पढ़ीं, तैयारी की उसका आवेदन सामने है. लेकिन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज ही उनके हाथ में नहीं हैं. यही परेशानी अब भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के स्नातकोत्तर सत्र 2024-2026 के चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के सामने खड़ी हो गई है. STET-2026 का ऑनलाइन आवेदन 17 अगस्त से शुरू हो चुका है. लेकिन BNMU के PG के चौथे सेमेस्टर का परिणाम अब तक जारी नहीं हुआ है. नतीजा यह है कि छात्रों में बेचैनी है,भविष्य को लेकर चिंता है और विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब की मांग तेज हो गई है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...

दरअसल, STET के पेपर-2 में स्नातकोत्तर योग्यता से संबंधित दस्तावेजों की जरूरत बताई जा रही है. ऐसे में जिन छात्रों ने PG की पढ़ाई पूरी कर ली है, लेकिन उनका परिणाम, अंकपत्र और औपबंधिक प्रमाण पत्र अभी तक जारी नहीं हुआ उनके सामने आवेदन को लेकर बड़ी दिक्कत खड़ी हो गई है.

रिजल्ट अब तक नहीं हुआ जारी...

छात्रों का कहना है कि परीक्षा हो चुकी है, सत्र पूरा हो चुका है, लेकिन परिणाम के इंतजार ने उनके करियर की रफ्तार रोक दी है. और यही वजह है कि अब छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से सिर्फ आश्वासन नहीं तत्काल परिणाम की मांग कर रहे हैं. मामले को लेकर विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक को पत्र सौंपकर जल्द से जल्द परिणाम प्रकाशित करने की मांग की.बड़ी संख्या में विद्यार्थी कुलपति कार्यालय के समीप पहुंच गए.

छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से परिणाम जारी करने की मांग की. छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण कुमार झा मौके पर पहुंचे.उन्होंने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को समझाया और जल्द परिणाम प्रकाशित करने का आश्वासन दिया.अब छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है

“जल्द” आखिर कब?

क्योंकि STET का आवेदन शुरू हो चुका है और छात्रों के पास समय सीमित है.मधेपुरा, सहरसा और सुपौल समेत आसपास के जिलों से जुड़े इस पीजी बैच के कई विद्यार्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा को अपने करियर का बड़ा अवसर मान रहे हैं. इन युवाओं की उम्मीद है कि STET के जरिए उन्हें शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.लेकिन अगर विश्वविद्यालय की देरी के कारण वे आवेदन ही नहीं कर पाए, तो सवाल उठना लाजिमी है कि इस नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी? छात्रों की परेशानी सिर्फ STET तक सीमित नहीं है.

उनका कहना है कि परिणाम और प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने से भविष्य में दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं, नौकरी के अवसरों और उच्च शिक्षा से जुड़े कामों में भी परेशानी हो सकती है.यानी छात्रों की लड़ाई सिर्फ एक रिजल्ट के लिए नहीं है बल्कि अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए है.कहावत है
“समय किसी के लिए नहीं रुकता.”

लेकिन इन छात्रों के मामले में सवाल यह है कि जब परीक्षा समय पर हो सकती है, आवेदन समय पर शुरू हो सकता है, तो फिर परिणाम जारी होने में इतनी देरी क्यों? विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों की नजर अब परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर टिकी है.

छात्रों को उम्मीद है कि विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की गंभीरता को समझेगा और जल्द से जल्द परिणाम, अंकपत्र और औपबंधिक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएगा.क्योंकि किसी छात्र के लिए रिजल्ट सिर्फ कागज का एक टुकड़ा नहीं होता. वही रिजल्ट उसके लिए नौकरी का रास्ता खोलता है. प्रमाण पत्र उसके सपनों को आवेदन का अधिकार देता है और वही दस्तावेज उसके सालों की मेहनत को पहचान देता है. 

आज BNMU के इन छात्रों का सवाल सीधा है.हमने अपनी पढ़ाई पूरी कर दी परीक्षा दे दी अब हमारे भविष्य का फैसला रिजल्ट की देरी से क्यों हो?”
अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की इस चिंता को कितनी गंभीरता से लेता है और STET आवेदन की प्रक्रिया के बीच उन्हें उनका परिणाम और जरूरी दस्तावेज कब तक उपलब्ध कराता है. फिलहाल छात्रों का प्रदर्शन थम गया है लेकिन उनकी चिंता अभी खत्म नहीं हुई है.
क्योंकि उनके हाथ में अब भी वही सवाल है.

रिपोर्ट- रमन कुमार

यह भी पढ़ें- BPSC TRE 4 LIVE Updates: BPSC ने जारी किया TRE 4 का नोटिफिकेशन, जानिए योग्यता, परीक्षा पैटर्न और आवेदन की डिटेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com