बिहार के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है, बिहार सरकार की तरफ से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का विस्तार किया गया है. अब इस योजना को अगले पांच साल तक बढ़ाया गया है. इसके लिए 950 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर किया गया है. इस योजना के तहत बिहार के उन मेधावी छात्रों को एजुकेशन लोन दिया जाता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं. 12वीं पास करने के बाद वो बिना किसी टेंशन के आगे की पढ़ाई कर सकते हैं. यही वजह है कि ये राज्य के युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है.
क्या है बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना?
इस योजना के तहत उच्च शिक्षा जैसे - बीटेक, बीएससी, बीए, एमबीबीएस या किसी दूसरे प्रोफेशनल कोर्स के लिए बेहद कम ब्याज पर लोन दिया जाता है. छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने और नौकरी मिलने के बाद इस लोन को चुका सकते हैं. इस योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा 4 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है. इसमें दिव्यांग और ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए 1 प्रतिशत की ब्याज दर है.

कौन कर सकता है आवेदन?
- स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए आवेदन करने वाला छात्र बिहार का ही होना चाहिए.
- आवेदन करने वाला छात्र 12वीं पास हो.
- आवेदन करने वाले छात्र को किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज या संस्थान में एडमिशन लेना होगा.
- इस योजना के तहत आवेदन करने वाले छात्र की उम्र 25 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
- बीच में पढ़ाई छोड़ते ही लोन की बची हुई राशि को होल्ड कर दिया जाएगा और बाकी का भुगतान करना होगा.
कैसे कर सकते हैं आवेदन?
12वीं पास कर चुके छात्र बिहार शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल (MNSSBY) या मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. एक बार वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा होने के बाद लोन की राशि संस्थान और छात्र के खाते में ट्रांसफर हो जाएगी. पढ़ाई पूरी होने के बाद लोन का ब्याज शुरू होगा और फिर नौकरी लगते ही युवा इसे पूरा कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - स्कूली बच्चों के लिए खुले IIT मद्रास के दरवाजे, एयरोस्पेस और डेटा साइंस सीखेंगे छात्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं