यूपी के बलिया से एक बच्ची का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जो एक पैर से लड़खड़ाते हुए स्कूल जाती हुई दिख रही है. इस बच्ची का एक पैर दुर्घटना के चलते टूट गया था, जिसके बाद उचित इलाज नहीं मिलने पर ये लटक गया और बच्ची एक पैर से ही चलने लगी. रागिनी नाम की ये बच्ची अब स्कूल भी ऐसे ही जाती है और रोजाना करीब 400 मीटर का सफर तय करती है, इस दौरान कई बार वो लड़खड़ाते हुए गिर भी जाती है और फिर रोने लगती है, लेकिन स्कूल जाने की जिद उसे फिर से खड़ा करती है और वो अपनी मंजिल की तरफ आगे बढ़ती है. अब इस लड़की की मदद के लिए कई हाथ आगे बढ़े हैं और डीएम बलिया ने भी संज्ञान लिया है.
बच्ची का संघर्ष भरा जीवन
बलिया के मानियर विकास खंड के रानीपुर दिघेड़ा गांव की रागिनी जब महज 7 महीने की थी, तभी एक सड़क दुर्घटना में अपना एक पैर गंवा बैठी. रागिनी जब बड़ी हुई तो अपने साथ के बच्चों को स्कूल जाते देख रोने लगती थी और अपने माता पिता से स्कूल जाने की जिद करती थी. रागिनी अब स्कुल जाती है और कक्षा एक की छात्रा है. अपने एक पैर के सहारे अपने घर से करीब 400 मीटर दूर मौजूद स्कूल पहुंचती है.
डीएम से की थी अपील
रागिनी ने वीडियो वायरल होने के बाद डीएम बलिया से अपील करते हुए एक ट्राई साइकिल की मांग की थी. इस अपील के बाद डीएम खुद बच्ची से मिलने पहुंच गए और उसे ट्राई साईकिल के साथ खेलकूद का सामान भी दिया. अब रागिनी ट्राई साइकिल पाकर काफी खुश है. इस पूरे मामले को लेकर डीएम मांगल प्रसाद सिंह ने कहा, "बिटिया ने कल एक बहुत ही भावुक अपील की थी. जब मैंने अपील सुनी तो मैंने तय किया कि बिटिया से मिलने उसके गांव जाएंगे. बिटिया के साथ एक बहुत दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें उसका बांया पैर चलने लायक नहीं बचा. अब हमारी तरफ से उसकी कुछ मदद की गई है."
डॉक्टर बनने का सपना
एक पैर के सहारे स्कूल तक जाने वाली रागिनी का सपना डॉक्टर बनने का है. एक पैर से उछलते हुए स्कूल तक का सफर तय करने वाली इस बिटिया की मदद के लिए अब कई लोग आगे आ रहे हैं, उनका कहना है कि बच्ची के जज्बे को सलाम करना चाहिए.
ये भी पढ़ें - 9वीं से 12वीं के छात्रों को मिलेगी 12 हजार की स्कॉलरशिप, अब 30 सितंबर तक बढ़ी डेडलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं