विज्ञापन
This Article is From Dec 02, 2018

आशुतोष के नाम के आगे 'आप' ने क्यों लगाया गुप्ता ? जानिए क्या बोले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया

AAP छोड़ने के बाद आशुतोष(Ashutosh)ने अपने नाम के आगे गुप्ता जोड़े जाने पर आपत्ति जाहिर की थी, जानिए इस विवाद पर क्या बोले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया(Manish Sisodia)?

आशुतोष के नाम के आगे 'आप' ने क्यों लगाया गुप्ता ? जानिए क्या बोले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया
एनडीटीवी के 'हम लोग' कार्यक्रम में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया.
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia)ने एनडीटीवी के हम-लोग कार्यक्रम में आशुतोष (Ashutosh) के उस आरोप पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने पार्टी छोड़ते समय कहा था कि चुनाव लड़ने के दौरान उनके सरनेम(जाति) का इस्तेमाल किया गया. जबकि वह ऐसा नहीं चाहते थे. दरअसल, पार्टी छोड़ने के बाद 29 अगस्त को अपने ट्वीट में आशुतोष ने कहा था- मेरे 23 साल के पत्रकारिता के करियर में कभी किसी ने जाति या सरनेम नहीं पूछी. मगर 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ने के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से मेरा परिचय बकायदा सरनेम के साथ कराया गया. मेरे विरोध के बावजूद पार्टी ने सरनेम का उल्लेख किया. बाद में मुझे बताया गया- सर आप जीतोगे कैसे, आपकी जाति के यहाँ काफी वोट हैं . एनडीटीवी के हम-लोग कार्यक्रम में जब मनीष सिसोदिया से पूछा गया कि आशुतोष ने कहा कि उन्हें नाम के आगे गुप्ता लगाने को कहा गया. इस पर उन्होंने कहा कि अगर उन्हें नहीं लगाना था तो जिसने उनसे कहा उसको साफ़ मना कर देते. उन्होंने इस बात को सिरे से नकार दिया कि पार्टी में टिकट देने में किसी भी जाति का ख्याल रखा जाता है. 
 
यह भी पढ़ें- AAP से अलग हुए आशुतोष का केजरीवाल पर हमला, कहा- 23 साल की पत्रकारिता में किसी ने नहीं पूछी मेरी जाति, मगर...

 मनीष सिसोदिया ने इस दौरान केंद्र की सियासत से लेकर दिल्ली की शिक्षा और सरकार से जुड़े सवालों के जवाब दिए.राफेल डील को लेकर मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह बहुत बड़ा घोटाला है.मनीष सिसोदिया से जब पूछा गया अगर लगातार केस होंगे तो काम कैसे कर पाएंगे. इसपर मनीष सिसोदिया का कहना है कि केंद्र सरकार ने सारी एजेंसी को हमारे पीछे लगा रखा है. उन्होंने कहा कि विजय माल्या भाग गया, लेकिन पुलिस मनीष सिसोदिया के पीछे पड़ी है. मनीष सिसोदिया का कहना है प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली ही नहीं देश की सेहत के लिए हानिकारक हैं. 

मनीष सिसोदिया ने किसी भी तरह के महागठबंधन में शामिल होने से साफ़ इंकार करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हलांकि उन्होंने साफ़ किया कि पूरे देश में 2014 की तरह चुनाव नहीं लड़ेंगे. देशभर में कुछ सीटें हैं जिसपर पार्टी की नज़र है, सिर्फ वहीं लड़ेंगे. मनीष सिसोदिया ने कहा कि 2014 में ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना प्रयोग था.

 मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर पिछली सरकारों के वक़्त काम होता तो ये हालत नहीं रहती. शिक्षा का बुरा हाल था, जिसे सुधारा जा रहा है. उन्होंने छात्रों के तनाव को ख़त्म करने के लिए दिल्ली के स्कूलों में शुरू किए गए 'हैप्पीनेस करिकुलम' को काफी उपयोगी बताया, लेकिन इस मुहिम के उनके ऑस्ट्रिया दौरे को मंज़ूरी नहीं देने पर सवाल उठाये. यह शो NDTV इंडिया पर रविवार 2 दिसंबर को रात 8:00 बजे टेलीकास्ट होगा.

वीडियो- राफेल डील एक बड़ा भ्रष्टाचार: मनीष सिसोदिया

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manish Sisodia, Manish Sisodia AAP, Ashutosh AAP, Ashutosh Surname Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com