- गुरुग्राम में महिला के साथ Uber राइड के दौरान ड्राइवर ने बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी
- महिला ने एक्स पर पोस्ट कर ज्यादा किराया मांगने और बदसलूकी की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया
- पुलिस ने फर्जी आईडी से Uber चलाने वाले आरोपी ड्राइवर यासिर को गिरफ्तार कर लिया है
गुरुग्राम में एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से Uber राइड के दौरान कथित बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी ड्राअइवर को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि महिला की सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस ने खुद संज्ञान लिया और FIR दर्ज करने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को धर दबोचा. मामला दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक बुक की गई Uber राइड से जुड़ा है. तनीशा शर्मा नाम की महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अपनी परेशानी शेयर की थी. पोस्ट में महिला ने बताया कि गुरुग्राम में ड्रॉप किए जाने के बाद उबर ड्राइवर ने किराए के ज्यादा पैसे मांगे.
उबर ड्राइवर की महिला यात्री से बदसलूकी
पीड़िता के मुताबिक, उसने दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम के लिए उबर कैब 625 रुपये में बुक की थी. लेकिन राइड कंप्लीट होने के बाद ड्राइवर जमील ने रैपिडो का एक फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर उससे 1,479 मांगे.महिला ने जब ज्यादा पैसे देने से इनकार किया तो उसने कथित तौर पर गाड़ी को लॉक कर दी ताकि वह सामान बाहर न निकाल सके. उसने महिला यात्री का हाथ पकड़ कर खींचा और फ्रंट विंडो भी बंद कर दी. महिला ने बड़ी ही मुश्किल से अपना सामान कैब से बाहर निकाला. इस दौरान ड्राइवर ने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को किया गिरफ्तार
महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने इस घटना से जुड़ी पोस्ट गुरुग्राम पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आई.मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लिया और एक्स के जरिए शिकायतकर्ता महिला से संपर्क किया. वहीं उबर ने भी आरोपी ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक कर दिया है.

गुरुग्राम पुलिस ने एक्स पोस्ट पर लिया संज्ञान
बाद पुलिस ने महिला के एक्स पोस्ट के आधार पर थाना पालम विहार में FIR दर्ज की. तकनीकी सहायता की मदद से आरोपी ड्राइवर की पहचान की गई और उसके बारे में जानकारी जुटाई गई. थाना पालम विहार पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर यह कार्रवाई की गई. इस एक्शन के बाद तनीषा ने पुलिस और उबर का धन्यवाद किया.

फर्जी आईडी से उबर कैब चला रहा था यासिर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 साल के यासिर के रूप में हुई है. वह नूंह के गांव घासेड़ा का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान महिला से साथ की गई बदसलूकी की बात को स्वीकार कर लिया. शुरुआती जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उबर प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी जमील जाहिद खान के नाम से बनाई हुई थी. यानी जिस नाम से उबर पर आईडी बनाई गई थी, आरोपी की पहचान उससे अलग पाई गई. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले में जांच चल रही है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-दिल्ली में कैब ड्राइवर का स्कैम! राइड खत्म नहीं की, फोन में दिखाया किराए का फर्जी स्क्रीनशॉट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं