- शारदा विश्वविद्यालय की BDS द्वितीय वर्ष की छात्रा ज्योति शर्मा ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की.
- छात्रा के परिजनों ने डीन, प्रोफेसर सहित 7 लोगों पर उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और धमकाने का आरोप लगाकर FIR दर्ज कराई.
- पुलिस ने मामले में दो प्रोफेसरों को हिरासत में लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Sharda University Student Suicide: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित शारदा विश्वविद्यालय के हॉस्टल में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की खुदकुशी के बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा. शुक्रवार रात छात्रा ने हॉस्टल में आत्महत्या की. शनिवार को यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचे छात्रा के परिजनों ने HOD, डीन, प्रोफेसर सहित 7 लोगों पर उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और धमकाने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई. मामले में पुलिस ने दो प्रोफेसर को हिरासत में लिया है. इसी बीच विभाग के एचओडी के सामने आने पर परिजनों का गुस्सा भड़क उठा. परिजन एचओडी से सवाल-जवाब करते-करते हाथापाई पर उतारू हो गए. इसका वीडियो भी सामने आया है.
हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर दी जान
मामले में अपर पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि नालेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित शारदा विश्वविद्यालय में बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ज्योति शर्मा ने छात्रावास के अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
गुरुग्राम की रहने वाली थी छात्रा, सुबह पहुंचे परिजन
कुमार ने बताया कि गुरुग्राम निवासी ज्योति के पिता रमेश जांगड़ा ने विश्वविद्यालय के डीन डॉक्टर एम सिद्धार्थ और प्रोफेसर सैरी मैडम, महेंद्र, अनुराग अवस्थी एवं सुरभि के अलावा एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है. रमेश का आरोप है कि इन लोगों के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार एवं धमकाए जाने के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या की.
पिता बोले- समझाने के बाद भी बेटी को किया जाता रहा प्रताड़ित
थाना प्रभारी ने बताया कि रमेश के अनुसार ज्योति ने उसके साथ दुर्व्यवहार होने के बारे में उन्हें बताया था और उन्होंने कॉलेज में आकर इस बारे में डीन एवं अन्य लोगों से बातचीत की थी. रमेश ने कहा कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि ज्योति के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा.
शुक्रवार रात बेटी ने नहीं उठाया फोन
उन्होंने कहा कि शुक्रवार देर रात उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. इसके बाद उनकी बेटी के साथ कमरे में रहने वाली एक अन्य छात्रा ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला. रमेश ने दावा किया कि उन्होंने रात में ग्रेटर नोएडा पुलिस को घटना की सूचना दी लेकिन कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को भी सूचित नहीं किया था.
छात्रा ने सुसाइड नोट में कॉलेज प्रशासन को ठहाराया दोषी
उन्होंने कहा कि छात्रा ने मरने से पूर्व एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने कॉलेज प्रशासन के लोगों को आरोपी ठहराया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो प्रोफेसर महेंद्र एवं सैरी मैडम को हिरासत में लिया गया है.
कुलाधिपति बोले- मामले की आंतरिक जांच जारी
शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी के गुप्ता ने कहा कि मामले की विश्वविद्यालय के स्तर पर आंतरिक जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में डीन ने उन्हें बताया कि छात्रा ने अपने एक ‘टेस्ट' की कॉपी में प्रोफेसर के फर्जी हस्ताक्षर किए थे जिसे लेकर उसे टोका गया था और उसके परिजनों को भी बुलाकर यह बात बताई गई थी. उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन इस मामले की जांच में पुलिस की पूरी मदद करेगा.
यह भी पढ़ें - 'मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया', नोएडा कॉलेज की छात्रा ने आत्महत्या की, स्टाफ पर लगाए गंभीर आरोप
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं