- दिल्ली हिंसा में पांच लोगों की मौत
- संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू
- भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती
राजधानी दिल्ली (Delhi CAA Clash) सोमवार को एक भयानक दंगे की गवाह बनी. दिल्ली के जाफराबाद में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के बीच रविवार को शुरू हुआ हंगामा सोमवार को और हिंसक हो गया. नागरिकता कानून के विरोधियों और समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल समेत 5 लोगों की मौत हो गई. भजनपुरा के पास चांदबाग में रतनलाल नाम के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई है. वहीं, मोहम्मद फुकरान की भी गोली लगने से जान चली गई. हिंसा में शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा समेत दर्जनों पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. इस बीच सोशल मीडिया पर हिंसा के कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं. एक वीडियो में विरोधियों पर गोलियां बरसाता दिख रहा है. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने लाल रंग की टी-शर्ट पहने इस शख्स की पहचान कर ली है. इसका नाम शाहरुख बताया जा रहा है.
इस वीडियो को मोबाइल फोन से शूट किया गया है. सड़क पर भागते हुए शाहरुख ने दूसरी ओर खड़े विरोधियों पर कई राउंड फायर किए. एक पुलिसकर्मी शाहरुख को रोकने के लिए उसकी ओर बढ़ता है तो बेखौफ आरोपी ने पुलिसकर्मी पर भी पिस्टल तान दी. पुलिस के सामने ही शाहरुख ने कई गोलियां बरसाईं. दिल्ली पुलिस ने शाहरुख की शिनाख्त करने के बाद उसे हिरासत में ले लिया है. बता दें कि हिंसक प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों और घरों को आग के हवाले कर दिया. भजनपुरा के पास एक पेट्रोल पंप में भी आगजनी की गई. उपद्रवियों ने पेट्रोल बम भी फेंके.
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय (Gopal Rai) ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कानून-व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए सोमवार देर रात उपराज्यपाल अनिल बैजल (Anil Baijal) के आवास के बाहर डेरा डाला. राय ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र बाबरपुर में हालात तनावपूर्ण हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस बल तैनात नहीं है. राय ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा, 'मैं बिगड़ती कानून-व्यवस्था के हालात पर चर्चा के लिए उपराज्यपाल के आवास के बाहर पहुंचा हूं. हिंसा में शामिल लोग गोलीबारी कर रहे हैं.'
गौरतलब है कि बीते रविवार दिल्ली के जाफराबाद इलाके में CAA विरोधी और समर्थकों के बीच भिड़ंत हुई थी. दोनों ओर से पथराव हुआ लेकिन पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत करवा दिया. जिसके बाद सोमवार को एक बार फिर भजनपुरा, चांदबाग, गोकुलपुरी और सीलमपुर से सटे इलाकों में CAA विरोधी और समर्थक आमने-सामने आ गए और बवाल बढ़ता चला गया. भजनपुरा के पास चांदबाग में रतनलाल नाम के हेड कांस्टेबल समेत पांच लोगों की मौत हो गई. संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. इन जगहों पर धारा 144 लगाई गई है. जाफराबाद और आसपास के कई मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है. दंगे के दौरान के कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स व AAP नेता बीजेपी नेता कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि कपिल मिश्रा के विवादित बयान के बाद ही राजधानी में तनाव बढ़ा है.
VIDEO: अपने ही शहर में इतना डर कभी नहीं लगा : मनीष सिसोदिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं