- दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है
- दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण कम करने के लिए 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क-फ्रॉम-होम करने का निर्देश दिया है
- पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा , स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने अपने विभाग को ये निर्देश दिया है
सर्दियां शुरू होते ही दिल्ली-एनसीआर की हवा भी जहरीली हो गई है. हर तरफ काली धुंध छाई हुई है. दिल्ली तो जैसे गैस चैंबर में तब्दील हो गई है. खुली हवा में सांस लेना भी मुश्किल होने लगा है. इस चिंता के बीच दिल्ली सरकार ने 50% कर्मचारियों के लिए 'वर्क-फ्रॉम-होम' की व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया है. दिल्ली के दो मंत्रियों ने अपने विभागों से कहा है कि उनके 50% कर्मचारी 'वर्क-फ्रॉम-होम' करें, क्योंकि शहर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ रही है.
दिल्ली सरकार के दो विभागों में 50% वर्क फ्रॉम होम
दिल्ली की खराब आबो हवा को देखते हुए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और स्वास्थ्य विभाग मंत्री पंकज कुमार सिंह ने अपने विभागों के आधे कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद राजधानी की सड़कों पर वाहन घटाने और कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वाहनों से होने वाला प्रदूषण कम किया जा सके.
50 प्रतिशत कर्मचारी घर से करेंगे काम
दरअसल 1 नवंबर से लागू दिल्ली सरकार के 'विंटर एक्शन प्लान' में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' का निर्देश भी शामिल है. इसमें कहा गया है कि सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को तो हर दिन दफ्तर आना होगा, लेकिन लेकिन दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों की संख्या 50 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. बाकी के 50 प्रतिशत कर्मचारी घर से ही काम करेंगे.
'विंटर एक्शन प्लान' में वर्क फ्रॉम होम का जिक्र
विंटर एक्शन प्लान में ये भी कहा गया है कि जरूरी और इमरजेंसी सर्विसेज में कोई रुकावट न आए. जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक सचिव और विभागाध्यक्ष किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को दफ्तर में बुला सकते हैं. बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई सुबह 403 तक पहुंच गया था, जो कि 'गंभीर' माना जाता है. शनिवार को भी दिल्ली का AQI 400 पार दर्ज किया गया है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-दिल्ली-यूपी में बारिश का अलर्ट, AQI 400 पार, पश्चिमी विक्षोभ से हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी से बदलेगा मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं