- पुलिस को 3 सितंबर को सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ है, जिसके बाद विशेष टीम ने उसकी तलाश शुरू की
- आरोपी ने पूछताछ में अपनी गलत पहचान दी और किसी उग्रवादी संगठन से संबंध होने से इनकार किया था
- आरोपी के चाचा भी PLA से जुड़े थे और वह खुद भी प्रतिबंधित संगठन का सक्रिय कैडर बताया गया है
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक वांटेड कैडर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 35 साल के आरके रेगन सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है. वह मणिपुर के थांगमेइबंद लौरोंगुरेल लीकाई का रहने वाला है. मणिपुर के थौबल थाने में उसके खिलाफ UAPA के तहत दो मामले दर्ज हैं और वहां की पुलिस को उसकी तलाश थी.
3 सितंबर को मिली थी दिल्ली में छिपे होने की सूचना
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम को 3 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि PLA का एक वांटेड सदस्य दिल्ली में छिपा हुआ है. इसके बाद इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारियों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की.
एम्स के पास मिली लोकेशन, तस्वीर नहीं होने से आई मश्किलें
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिल्ली के AIIMS के आसपास मिली. पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन अस्पताल में रेगन सिंह के नाम से कोई मरीज भर्ती नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने यूसुफ सराय, सफदरजंग एन्क्लेव और ग्रीन पार्क के होटलों में जांच की और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले.
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि शुरुआत में आरोपी की तस्वीर उपलब्ध नहीं थी. इसके बावजूद टीम ने लगातार निगरानी और पूछताछ जारी रखी. आखिरकार यूसुफ सराय इलाके से पूर्वोत्तर भारत के एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया.
गलत पहचान बताकर दिल्ली में रह रहा था आरोपी
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलत पहचान बताई और किसी भी उग्रवादी संगठन से संबंध होने से इनकार किया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी तस्वीर मणिपुर पुलिस को भेजी. मणिपुर पुलिस ने तस्वीर की जांच के बाद उसकी पहचान आरके रेगन सिंह उर्फ गांधी के रूप में की.
चाचा भी PLA से जुड़े थे, UAPA के दो मामलों में आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके चाचा पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और बाद में वह खुद भी इस. संगठन से जुड़ गया था. पुलिस ने उसे प्रतिबंधित PLA/RPF का सक्रिय कैडर बताया है.उसके खिलाफ मणिपुर में UAPA के तहत दो मामले दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें | दिल्ली एयरपोर्ट पर 5 करोड़ का ड्रग्स जब्त... जानिए कैप्सूल और प्लास्टिक पैकेट निगलकर कैसे होती है तस्करी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं