4 छक्कों से वर्ल्ड कप गंवाने वाले स्टोक्स और उनकी मां का मजाक उड़ाना पड़ा महंगा, आरजे सस्पेंड

4 छक्कों से वर्ल्ड कप गंवाने वाले स्टोक्स और उनकी मां का मजाक उड़ाना पड़ा महंगा, आरजे सस्पेंड

वर्ल्ड टी-20 फाइनल के अंतिम ओवर में स्टोक्स (बाएं) की गेंदों पर लगातार 4 छक्के लगे थे (Reuters)

वेलिंगटन:

टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की गेंदों पर वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट ने 4 मैच विजयी छक्के क्या लगा दिए कि वे अब तक सबके निशाने पर हैं। इस हार के साथ ही इंग्लैंड के वर्ल्ड कप जीतने का मौका गंवाने के बाद जहां स्टोक्स सदमे में हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी आलोचना का दौर भी जारी है। खास बात यह कि इस हार के बाद न्यूजीलैंड के दो रेडियो जॉकी ने स्टोक्स का मजाक उड़ाया था, जो उन्हें महंगा पड़ गया। दरअसल दोनों आरजे ने स्टोक्स की मां को बताए बिना उनके साथ तीखी चर्चा की, जो लाइव ब्रॉडकास्ट हो रही थी। बाद में खिलाड़ी की मां की शिकायत पर बुधवार को कंपनी ने दोनों आरजे को सस्पेंड कर दिया।

दरअसल, हुआ यह था कि रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड की हार के बाद से ही न्यूजीलैंड के एक रेडियो चैनल के आरजे जेरेमी वेल्स और मैट हीथ न्यूजीलैंड में जन्मे स्टोक्स का मजाक उड़ा रहे थे।

स्टोक्स की मां से बोला झूठ
इसे सुनकर स्टोक्स की मां ने रेडियो चैनल में फोन कर इस बातचीत पर आपत्ति जताते हुए शिकायत की। उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या उनके साथ की जा रहीं सारी बातें ऑफ एयर हो रही हैं। इस पर आरजे ने झूठ बोलते हुए कहा कि हां, यह ऑफ एयर है, जबकि उनकी बातचीत लाइव चल रही थी। जब उन्हें पता चला कि उनकी बात लाइव थी, तो उन्होंने इन दोनों आरजे की शिकायत चैनल के मालिक से कर दी। इसके बाद दोनों आरजे को सस्पेंड कर दिया गया।

स्टोक्स की मां ने कहा था, ‘जो लोग उसका मजाक उड़ा रहे हैं, मुझे नहीं पता कि वे यह जानते हैं कि नहीं कि उसका (स्टोक्स) जन्म और परवरिश न्यूजीलैंड में हुई है।’

स्टोक्स के पिता शिफ्ट हुए थे न्यूजीलैंड से इंग्लैंड
वास्तव में बेन स्टोक्स का जन्म और पालन न्यूजीलैंड में हुआ था। बाद में उनके पिता रग्बी कोच का ऑफर मिलने के कारण कई साल पहले क्राइस्टचर्च से इंग्लैंड शिफ्ट हो गए थे। वहीं स्टोक्स ने अपना क्रिकेट करियर शुरू किया। हालांकि अब स्टोक्स की फैमिली फिर से न्यूजीलैंड में शिफ्ट हो गई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

यह हुआ था फाइनल के अंतिम ओवर में
टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड की टीम लगभग जीतने जा रही थी और वेस्टइंडीज को अंतिम ओवर में 19 रन चाहिए थे, जो लगभग नामुमकिन लक्ष्य था। इंग्लिश कैप्टन मॉर्गन ने स्टोक्स को गेंद थमाई और सामने थे बैट्समैन कार्लोस ब्रेथवेट। ब्रेथवेट ने सबको चौंकाते हुए लगातार 4 गेंदों पर 4 छक्के जड़कर इंग्लैंड से वर्ल्ड कप छीन लिया।