भारत के दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट 'विनू मांकड़ ट्रॉफी' में 173 रनों की शानदार पारी खेलकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. चंडीगढ़ अंडर-19 के खिलाफ दिल्ली अंडर-19 की ओर से खेलते हुए, आर्यवीर ने ओपनिंग की और 143 गेंदों में 19 चौके और 8 छक्के जड़ते हुए 173 रन बनाए. हाल ही में भारत अंडर-19 टीम के लिए अपने डेब्यू मैच में भी आर्यवीर ने अच्छा प्रदर्शन किया था, और उनकी यह पारी उनमें भविष्य के एक स्टार की झलत दिखाती है.
दरअसल, टीम के लिए रन बनाने की पूरी जिम्मेदारी आर्यवीर और उनके साथी ओपनर अर्नव बुग्गा (47 रन) के कंधों पर थी. 18 वर्षीय आर्यवीर इस टूर्नामेंट में 16 सदस्यीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत 8 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में हुई थी. उन्हें कप्तान तब बनाया गया है, जब हाल ही में सितंबर में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के लिए अपना डेब्यू किया था.
पिछले मैच के बाद के आर्यवीर की तूफानी वापसी
टूर्नामेंट में कर्नाटक के खिलाफ दिल्ली के पिछले मैच में, आर्यवीर की टीम ने 418 रन लुटा दिए थे और खुद 220 रन पर ऑलआउट हो गई थी. उस मैच में आर्यवीर ने 32 रन बनाए थे, लेकिन वे इसे एक बड़ी पारी में नहीं बदल पाए. हालांकि, शुक्रवार को उन्होंने शानदार वापसी की.
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए, अर्नव और आर्यवीर ने ओपनिंग विकेट के लिए 98 रन जोड़े, जिसके बाद अर्नव को रूपेश यादव ने आउट कर दिया. इसके बाद आर्यवीर और विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिराज सिंह (18 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की, जिससे दिल्ली का स्कोर 107/2 तक पहुंच गया. जल्द ही दिल्ली का स्कोर 179/4 हो गया, जिसके बाद आर्यवीर और शांतनु यादव (27 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़े. 46वें ओवर में श्रेष्ठ दुग्गल ने आर्यवीर को 173 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. अंततः दिल्ली की टीम 289/6 के स्कोर तक पहुँचने में सफल रही.
आर्यवीर ने अपनी पारी में विशेष रूप से पार्थ गुप्ता की गेंदों पर जमकर प्रहार किए. चंडीगढ़ की ओर से रूपेश ने दो विकेट लिए. इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में आर्यवीर ने तीन पारियों में कुल 109 रन बनाए थे. बारिश से प्रभावित एक मैच में उन्होंने 26 गेंदों पर 28 रन बनाकर अपने खाते की शुरुआत की थी, जिससे भारत को 7 रनों से जीत दर्ज करने में मदद मिली थी.
यह भी पढ़ें- 73 वनडे और 35 T20I खेलने वाली टॉप ऑर्डर की बल्लेबाज ने लिया संन्यास, आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला मैच
यह भी पढ़ें- Net Worth: मयंती लैंगर और संजना गणेशन में से किसके पास ज्यादा पैसा? एक की नेटवर्थ 10 गुना से भी अधिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं