वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में संजू सैमसन के बल्ले से एक बार फिर धूम धड़ाका देखने को मिला है. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने महज 23 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते 243.47 की स्ट्राइक रेट से 56 रन कूट डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से छह चौके और चार खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
कीमो पॉल के शिकार बने सैमसन
मैच के दौरान सैमसन की विस्फोटक पारी पर लगाम कीमो पॉल ने लगाया. पारी का पांचवां ओवर डालने आए पॉल ने पहली ही गेंद शॉर्ट लेंथ डाली थी. जहां भारतीय बल्लेबाज ने पुल करने का प्रयास किया. जिसमें वह नाकामयाब रहे. परिणाम यह रहा कि गेंद बैकवर्ड स्क्वायर लेग में तैनात हेटमायर की दिशा में चली गई. जहां उन्होंने कोई गलती नहीं की और कैच लपकते हुए उन्हें पवेलियन जाने पर मजबूर कर दिया.
संजू सैमसन ने हासिल की विशेष उपलब्धि
मैच के दौरान संजू सैमसन ने एक विशेष उपलब्धि हासिल की. वह भारत की तरफ से बल्लेबाजी के पहले पॉवरप्ले में व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर बनाने चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. पहले और दूसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा का नाम आता है. तीसरे स्थान पर ईशान किशन काबिज हैं. उनके बाद चौथे स्थान पर सैमसन आ गए हैं. पांचवें स्थान पर एक बार फिर से अभिषेक शर्मा का नाम आता है.
भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के पहले पॉवरप्ले में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
नाबाद 76 रन, 22 गेंद - अभिषेक शर्मा - बनाम अफगानिस्तान - दिल्ली - 2026
नाबाद 58 रन, 21 गेंद - अभिषेक शर्मा - बनाम इंग्लैंड - मुंबई - 2025
नाबाद 56 रन, 23 गेंद - ईशान किशन - बनाम न्यूजीलैंड - रायपुर - 2026
56 रन, 23 गेंद - संजू सैमसन - बनाम वेस्टइंडीज - हैदराबाद - 2026
54 रन, 19 गेंद - अभिषेक शर्मा - बनाम वेस्टइंडीज - इंदौर - 2026
संजू सैमसन का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
खबर लिखे जाने तक संजू सैमसन ने भारतीय टीम की तरफ से कुल 76 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 68 पारियों में 27.29 की औसत से 1719 रन निकले हैं. सैमसन के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन शतक और 10 अर्धशतक दर्ज है. 111 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च शतकीय पारी है.
यह भी पढ़ें- शाई होप ने शतक के साथ इतिहास बदल दिया, वो कारनामा कर दिया जो आज तक वेस्टइंडीज के लिए कोई नहीं कर पाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं