विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2018

IPL 2018: गौतम गंभीर ने दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स की कप्‍तानी छोड़ी, यह खिलाड़ी करेगा अब टीम का नेतृत्‍व

आईपीएल 2018 में दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स के अब तक के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गौतम गंभीर ने टीम की कप्‍तानी छोड़ दी है.

IPL 2018: गौतम गंभीर ने दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स की कप्‍तानी छोड़ी, यह खिलाड़ी करेगा अब टीम का नेतृत्‍व
गौतम गंभीर अपनी कप्‍तानी में कोलकाता नाइटराइडर्स को दो बार चैंपियन बना चुके हैं (फाइल फोटो)
  • श्रेयस अय्यर होंगे आगे के मैचों में DD के कप्‍तान
  • इसी सीजन में दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स टीम से जुड़े हैं गंभीर
  • इससे पहले गौतम कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्‍तान थे
नई दिल्ली: आईपीएल 2018 में दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स के अब तक के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गौतम गंभीर ने टीम की कप्‍तानी छोड़ दी है. आईपीएल के शेष मैचों के लिए युवा बल्‍लेबाज श्रेयस अय्यर दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स की कप्‍तानी करेंगे. गौरतलब कि कोलकाता नाइराइडर्स की टीम को दो बार चैंपियन बनाने वाले गौतम को इस बार दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स की टीम ने खरीदा था. मूल रूप से दिल्‍ली के ही रहने वाले गौतम को इस टीम का कप्‍तान नियुक्‍त किया था.

गंभीर ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा , ‘हो सकता है कि मैं चीजों को बदलने के लिये अधिक बेताब था और इसका उलटा असर पड़ा. यह एक कारण हो सकता है. मैं दबाव नहीं झेल पा रहा था और जब आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो फिर आपको जिम्मेदारी लेनी होती है.’इस संवाददाता सम्मेलन में फ्रेंचाइजी के सीईओ हेमंत दुआ और कोच रिकी पोंटिंग भी उपस्थित थे. गंभीर ने कहा, ‘मैंने अकेले में इस पर गहन विचार किया. मैं दबाव नहीं झेल पा रहा हूं. मैं इसके लिये बहुत अच्छी स्थिति में नहीं हूं.’

कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान के रूप में दो बार खिताब जीतने वाले गंभीर का स्वयं का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने पांच पारियों में केवल 85 रन बनाये हैं जिसमें किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पहले मैच में खेली गयी 55 रन की पारी भी शामिल है. वह पिछली चार पारियों में दोहरे अंक में पहुंचने में नाकाम रहे. दूसरी तरफ 23 वर्षीय अय्यर ने शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने पिछले दोनों मैचों में अर्धशतक जमाये लेकिन इनमें टीम को हार का सामना करना पड़ा.
वीडियो: होमग्राउंड पर हार गई दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स
बाएं हाथ के प्रारंभिक बल्‍लेबाज गौतम गंभीर की कप्‍तानी में दिल्‍ली टीम अब तक टूर्नामेंट में अच्‍छा प्रदर्शन नहीं कर पाई.  दिल्‍ली टीम को अब तक 6 मैचों में पांच में हार सामना करना पड़ा है. हालात यह है कि अंक तालिका में यह दो अंकों के साथ सबसे नीचे यानी आठवें स्‍थान पर है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPL 2018, Gautam Gambhir, Delhi Daredevils, Captain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com