International Cricketers Retired In 2026: क्रिकेट फैंस के लिए 2026 भावनाओं से भरा साल रहा. इस दौरान कई ऐसे स्टार खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया, जिन्होंने अपने दम पर मैच पलटे, टीमों को ट्रॉफियां जिताईं और खेल को नई पहचान दी. उनकी विदाई ने क्रिकेट करियर पर पूर्ण विराम लगा दिया. इन दिग्गजों की विदाई ने क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत कर दिया.
उस्मान ख्वाजा ने क्रिकेट को कहा अलविदा
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने जनवरी 2026 में पांचवें एशेज टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. उस्मान ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने 88 टेस्ट मैचों में 6,229 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं. उनका टेस्ट औसत 42.96 रहा, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है. वनडे क्रिकेट में भी उन्होंने 40 मैचों में 1,554 रन बनाए और दो शतक जड़े. ख्वाजा अपने धैर्य, तकनीकी मजबूती और लंबी पारियां खेलने की क्षमता के लिए पहचाने जाते रहे.
केन रिचर्डसन ने भी लिया सन्यास
तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने जनवरी 2026 में अपने 17 साल लंबे पेशेवर क्रिकेट करियर का अंत किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 वनडे और 36 टी20 मैच खेले तथा कुल 84 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए। डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी और विविधता उन्हें खास बनाती थी.
सरफराज अहमद ने भी क्रिकेट को कहा अलविदा
पाकिस्तानी क्रिकेटर सरफराज अहमद ने 15 मार्च 2026 को संन्यास की घोषणा की. सरफराज अहमद पाकिस्तान क्रिकेट के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में रहे, जिन्होंने बल्लेबाज, विकेटकीपर और कप्तान तीनों भूमिकाओं में टीम को अहम योगदान दिया. उन्होंने 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 6,164 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 3,031 रन, जबकि वनडे में 2,315 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 818 रन दर्ज हैं. सरफराज ने अपने करियर में छह अंतरराष्ट्रीय शतक और 35 अर्धशतक लगाए. कप्तान के रूप में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 2017 चैंपियंस ट्रॉफी जीत रही, जब पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराया था.
रासी वान डर डुसेन का संन्यास
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डर डुसेन ने अप्रैल 2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया. उन्होंने 71 वनडे में 2,657 रन बनाए, जिसमें छह शतक शामिल रहे. इसके अलावा 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,406 और 18 टेस्ट में 905 रन बनाए.
केन विलियमसन का संन्यास
न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने जून 2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा. विलियमसन न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 110 टेस्ट, 175 वनडे और 93 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 9,515 रन, 33 शतक और 38 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 7,256 रन बनाए, जिसमें 15 शतक शामिल रहे. टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी उन्होंने 2,575 रन बनाकर टीम को कई यादगार जीत दिलाईं.
बेन स्टोक्स का संन्यास
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने 29 जून 2026 को संन्यास की घोषणा कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया. बेन स्टोक्स आधुनिक दौर के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक रहे. इंग्लैंड के लिए उन्होंने 122 टेस्ट, 114 वनडे और 43 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले. टेस्ट क्रिकेट में स्टोक्स ने 7,273 रन बनाने के साथ 252 विकेट भी झटके, जबकि वनडे में उनके नाम 3,463 रन और 74 विकेट दर्ज हैं. उन्होंने अपने करियर में कुल 19 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए और कई मैचों में बल्ले व गेंद दोनों से इंग्लैंड को जीत दिलाई। 2019 विश्व कप फाइनल और 2022 टी20 विश्व कप जैसे बड़े मौकों पर उनकी निर्णायक पारियां क्रिकेट इतिहास का हिस्सा बन चुकी हैं.
अजिंक्य रहाणे का संन्यास
भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई 2026 को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया. रहाणे भारतीय क्रिकेट के उन बल्लेबाजों में रहे जिन्होंने खासकर टेस्ट क्रिकेट में टीम की कई यादगार जीतों में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 5,077 रन दर्ज हैं, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं वनडे में उन्होंने 2,962 रन और तीन शतक लगाए। विदेशी परिस्थितियों में उनकी संयमित बल्लेबाजी और मुश्किल हालात में बड़ी पारियां खेलने की क्षमता ने उन्हें भारतीय टीम का भरोसेमंद बल्लेबाज बनाया। रहाणे ने 195 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8,400 से अधिक रन बनाए और भारतीय क्रिकेट में एक सफल मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में अपनी अलग पहचान छोड़ी।
मार्क वुड का संन्यास
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने सितंबर 2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने 38 टेस्ट में 119 विकेट, 70 वनडे में 80 विकेट और 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 54 विकेट लिए। अपनी रफ्तार के लिए मशहूर वुड इंग्लैंड के सफल तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
ग्लेन मैक्सवेल का संन्यास
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 2 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 149 वनडे और 130 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वनडे में उनके नाम 3,990 रन और 77 विकेट दर्ज हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 2,897 रन बनाने के साथ 51 विकेट भी लिए। अपने आक्रामक अंदाज और मैच जिताऊ पारियों के लिए मैक्सवेल हमेशा याद किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- 'मैं कड़ी मेहनत क्यों करूं?' लंबे इंतजार से टूटा सरफराज का सब्र, खुलकर बयां किया दर्द
यह भी पढ़ें- 'कंधों पर और बोझ बढ़ गया...,' पांचवें T20 में 93 रन ठोककर टिम सीफर्ट ने बयां किया दर्द
यह भी पढ़ें- 'वैभव सूर्यवंशी को घर भेज दीजिए,' पूर्व दिग्गज ने युवा क्रिकेटर को लेकर टीम इंडिया से पूछे तीखे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं