जैसे-जैसे अगले महीने दिसंबर में आईपीएल 2027 के तहत होने वाली मिनी ऑक्शन की तारीख नजर आ रही है, वैसे-वैसे टीमों से जुड़ी खबरें भी छन-छनकर बाहर आ रही हैं. और ताजा खबर टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर है, जिन्हें अगले सीजन में कप्तान बनाने को लेकर प्रबंधन असमजंस में है. रिपोर्ट के अनुसार पिछले दो सीजन में नाकाम रहने के बाद खुद अक्षर पटेल ने अगले साल कप्तानी करने को लेकर अनिच्छा जाहिर की है. हालांकि, दिल्ली का प्रबंधन अपनी कुछ मजबूरियों के चलते उन्हें मनाने की हर संभव कोशिश कर रहा है, लेकिन यह देखने की बात होगी कि अक्षर इसके लिए राजी होते हैं या नहीं.
सूत्रों का कहना है कि फ्रेंचाइजी अक्षर को कप्तान के रूप में दरकिनार नहीं करना चाहती है, लेकिन उन्हें इस जिम्मेदारी को जारी रखने के लिए मनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है. पिछले दो सीजनों में कैपिटल्स प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही थी. हालांकि, 2025 में वे इसके करीब पहुंचे थे, लेकिन पिछला सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा क्योंकि वे छठे स्थान पर रहे थे. पिछले साल अक्षर के प्रदर्शन में भी गिरावट आई थी, उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 173 रन बनाए और 11 विकेट लिए.
सूत्र ने बताया 'अक्षर कप्तान के रूप में बने रहने के लिए बिल्कुल भी उत्सुक नहीं हैं. प्रबंधन उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है. फ्रेंचाइजी के लिए अक्षर बहुत महत्वपूर्ण हैं. कैपिटल्स ने इस सीजन में कई आकर्षक ट्रेड ऑफर्स को ठुकरा दिया है. प्रबंधन ने नीलामी पूरी होने तक कप्तान को अंतिम रूप देने का फैसला रोक रखा है.'
इस वजह से अक्षर ने लिया फैसला
कैपिटल्स ने पिछले मुख्य कोच हेमंग बदानी और क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव से नाता तोड़ने के बाद, सौरव गांगुली को मुख्य कोच और युवराज सिंह को सहायक कोच के रूप में कोचिंग स्टाफ में वापस लाकर बड़ा बदलाव किया है. ऐसी चर्चाएं हैं कि टीम का लीडरशिप ग्रुप बदानी और राव के साथ एक ही पेज पर रहने में संघर्ष कर रहा था, जिसकी वजह से अक्षर ने यह फैसला लिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं