भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 333 रन के जवाब में पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन चाय के विश्राम तक दो विकेट पर 99 रन बनाए। चाय के विश्राम के समय राहुल द्रविड़ 25 और सचिन तेंदुलकर दो रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग 67 और गौतम गंभीर तीन रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारतीय आक्रमण के सामने डटकर मुकाबला किया, जिससे उसकी टीम पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी पहली पारी में 333 रन बनाने में सफल रही। भारत ने इसके जवाब में दूसरे दिन लंच तक बिना किसी नुकसान के छह रन बनाए। तब वीरेंद्र सहवाग चार और गौतम गंभीर दो रन पर खेल रहे थे। ऑस्ट्रेलिया ने सुबह छह विकेट पर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा दो विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद उसके पुछल्ले बल्लेबाज कुछ उपयोगी रन जुटाने में सफल रहे। कल के अविजित बल्लेबाज ब्रैड हैडिन (27) और पीटर सिडल (41) को जहीर खान ने अधिक देर तक नहीं टिकने दिया, लेकिन जेम्स पैटिनसन (नाबाद 18) और बेन हिल्फेनहास (19) ने 27 रन जोड़ने के अलावा 45 मिनट तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान किए रखा। जहीर ने 77 रन देकर चार विकेट लिए। उन्होंने दिन के शुरू में ही अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज कराई, जब हैडिन ने उनकी गेंद पर ड्राइव करने की कोशिश में गली में खड़े में सहवाग को कैच दिया। हैडिन इससे पहले इसी ओवर में भाग्यशाली रहे थे, जब जहीर की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर और स्लिप के बीच से चार रन के लिए चली गई थी। बायें हाथ के इस तेज गेंदबाज की खूबसूरत लेट इनस्विंगर ने इसके बाद सिडल के बल्ले का किनारा लिया और धोनी ने उसे आसानी से कैच कर दिया। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पहले आठ ओवर के अंदर ही आठ विकेट पर 291 रन हो गया। हैडिन ने लगभग डेढ़ घंटे की बल्लेबाजी में 70 गेंद का सामना किया तथा केवल एक चौका लगाया। सिडल लगभग दो घंटे क्रीज पर रहे और उन्होंने 99 गेंद खेलकर चार चौके लगाए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं