- पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने सोशल मीडिया पर जेडीयू के सांसद संजय झा के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दीं
- काम्या मिश्रा के राजनीति में शामिल होने की चर्चा तेज, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है
- काम्या मिश्रा ने 2018 में UPSC की परीक्षा पास की और बिहार कैडर में छह वर्ष आईपीएस के रूप में सेवा दी
Kamya Mishra IPS Bihar: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की पूर्व अधिकारी काम्या मिश्रा की बिहार की राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं. सोशल मीडिया पर लोग पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा को अगला विधायक और यहां तक कि शिक्षामंत्री तक बता रहे हैं. हालांकि बिहार की राजनीति में आने को लेकर काम्या मिश्रा की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन 6 नवंबर 2026 को उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी.
पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा की इस पोस्ट के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि वे जनता दल (यूनाइटेड) के जरिए बिहार की राजनीति में एंट्री करने वाली हैं. पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कई लोग उनका जेडीयू में स्वागत कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स उन्हें बिहार की अगली विधायक और शिक्षामंत्री तक बता रहे हैं. साथ ही दरभंगा ग्रामीण एसपी के रूप में उनके कार्यकाल की भी सराहना की जा रही है. हालांकि राजनीति में आने की अटकलों पर अभी तक काम्या मिश्रा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

कौन हैं काम्या मिश्रा?
बिहार की "लेडी सिंघम" के रूप में पहचान बना चुकीं काम्या मिश्रा मूल रूप से ओडिशा के रायरंगपुर की रहने वाली हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की है. साल 1996 में जन्मीं काम्या मिश्रा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2018 में अखिल भारतीय स्तर पर 172वीं रैंक हासिल की थी. यूपीएससी पास करने के बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था. बाद में 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित से विवाह के आधार पर उनका कैडर बिहार में स्थानांतरित कर दिया गया.
काम्या मिश्रा ने क्यों छोड़ी IPS?
बिहार कैडर जॉइन करने के बाद काम्या मिश्रा ने पटना सचिवालय में एएसपी के रूप में भी सेवाएं दीं. 7 मार्च 2024 को उन्हें दरभंगा की पहली ग्रामीण एसपी बनने का गौरव प्राप्त हुआ. करीब छह वर्ष की सेवा के बाद अगस्त 2024 में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए आईपीएस पद से इस्तीफा दे दिया था. उनका इस्तीफा करीब सात महीने बाद 27 मार्च 2025 को स्वीकार किया गया. बताया जाता है कि उनके पिता का हिमाचल प्रदेश में बड़ा कारोबार है. काम्या मिश्रा ने अपने इस्तीफे के पीछे पिता के व्यवसाय से जुड़ने को प्रमुख कारण बताया था. अब उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
काम्या मिश्रा की लव स्टोरी
काम्या मिश्रा और अवधेश दीक्षित एक ही बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. दोनों की मुलाकात ट्रेनिंग के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. साल 2020 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी, जबकि 2021 में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से शादी की. बताया जाता है कि आईपीएस ट्रेनिंग कैंप के दौरान काम्या मिश्रा ने ही अवधेश दीक्षित को प्रपोज किया था.
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई के परिवार की घर वापसी, मंडी आदमपुर की दुकान नंबर 107 बना नया आशियाना
यह भी पढ़ें- IPS अंशिका वर्मा खोलेंगी साइबर नेटवर्क की परतें, बताएंगी ऑनलाइन धोखाधड़ी वाला सिस्टम कैसे करता है काम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं