पंजाब में सस्पेंडेड DIG हरचरण सिंह भुल्लर और कथित बिचौलिए से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने कई मौजूदा और रिटायर्ड IAS, IPS तथा PCS अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन भेजा है. आने वाले एक सप्ताह के दौरान इन सभी अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी. ED ने पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को भी 26 नवंबर को पूछताछ के लिए तलब किया है.
सूत्रों के अनुसार, वित्त विभाग के प्रधान सचिव को भी समन भेजा गया है. समन पाने वाले अधिकारियों में IAS कुमार राहुल, IPS स्वप्न शर्मा, SSP गगन अजीत सिंह समेत कई सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं. जांच एजेंसी इन अधिकारियों से मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर सकती है.
DIG हरचरण सिंह भुल्लर का मामला क्या है?
ED की मौजूदा जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई के बाद शुरू हुई थी. CBI ने DIG हरचरण सिंह भुल्लर को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद की गई छापेमारी में एजेंसी ने 7.50 करोड़ रुपये नकद, करीब ढाई किलोग्राम सोने के आभूषण, 26 महंगी घड़ियां, दो लग्जरी वाहन और 50 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए थे.
इसके बाद अक्टूबर 2025 में CBI ने भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक और मामला दर्ज किया था. जांच एजेंसियों का मानना है कि मामले की गहन पड़ताल से कथित भ्रष्टाचार के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.
अब ED ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित भ्रष्टाचार प्रकरण में किन-किन अधिकारियों की भूमिका रही, किस स्तर पर फैसले प्रभावित हुए और सरकारी तंत्र में कथित मिलीभगत कितनी व्यापक थी. इसी कड़ी में कई वरिष्ठ मौजूदा और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
यह भी पढ़ें | IPS जया शर्मा ASP बनीं, हरियाणा पुलिस DSP रहते UPSC क्रैक की, Gen Z आईपीएस के रूप में फेमस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं