- उत्तराखंड के दो युवा पीसीएस अधिकारी अकलेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा ने सादगीपूर्ण मंदिर विवाह किया है
- अकलेश नौडियाल चमोली जिले के कर्णप्रयाग में SDM और यक्षी अरोड़ा अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण में SDM हैं
- विवाह में केवल परिवार के करीबी सदस्य मौजूद थे और सभी धार्मिक रस्में वैदिक विधि से पूरी हुईं
uttarakhand sdm aklesh naudiyal yakshi arora: उत्तराखंड के दो युवा पीसीएस अधिकारियों ने सादगी और सामाजिक संदेश की मिसाल पेश करते हुए मंदिर में विवाह किया है. चमोली जिले के कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (SDM) अकलेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी यक्षी अरोड़ा शनिवार को कर्णप्रयाग स्थित उमा देवी मंदिर में वैवाहिक बंधन में बंध गए. बिना किसी तामझाम, भव्य आयोजन या दिखावे के संपन्न हुए इस विवाह की चर्चा पूरे उत्तराखंड में हो रही है.
कौन हैं अकलेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा?
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र के रहने वाले अकलेश नौडियाल वर्तमान में चमोली जिले के कर्णप्रयाग में SDM के पद पर तैनात हैं. वहीं काशीपुर निवासी यक्षी अरोड़ा अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में SDM के रूप में सेवाएं दे रही हैं. दोनों अधिकारी उत्तराखंड पीसीएस के 2023 बैच के अधिकारी हैं.
दोनों अधिकारियों ने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर को सादा और गरिमामय बनाने का निर्णय लिया. विवाह समारोह में केवल दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्य और करीबी लोग ही शामिल हुए. मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ. पंडित नरेश पुजारी ने विवाह की सभी धार्मिक रस्में संपन्न कराईं.

uttarakhand sdm aklesh naudiyal yakshi arora temple wedding Photo Credit: NDTV
सादगीपूर्ण शादी की प्रदेशभर में चर्चा
इस सादगीपूर्ण विवाह की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि आज के दौर में शादियों में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं. ऐसे समय में दो प्रशासनिक अधिकारियों ने सादगी को प्राथमिकता देकर एक अलग उदाहरण प्रस्तुत किया है. स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर कई लोग इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े अधिकारियों द्वारा की गई ऐसी सादगीपूर्ण पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और अनावश्यक दिखावे से दूर रहने की सीख भी देती है.
पहले सरकारी जिम्मेदारी, फिर शादी का फैसला
दिलचस्प बात यह है कि अकलेश नौडियाल ने अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी. 14 से 20 नवंबर तक आयोजित ऐतिहासिक गौचर मेले में उन्होंने मेलाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. मेले की व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही उन्होंने विवाह का फैसला किया. बताया जा रहा है कि मेले का दायित्व समाप्त होने के बाद महज एक रात में शादी की तैयारियां की गईं और अगले ही दिन दोनों सात फेरों के बंधन में बंध गए. इसे उनकी कार्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में भी देखा जा रहा है.

uttarakhand sdm aklesh naudiyal yakshi arora temple wedding karnaprayag Chamoli
चमोली में पहले भी बन चुकी है मिसाल
चमोली जिले में इससे पहले भी सादगीपूर्ण विवाह की मिसाल देखने को मिल चुकी है. पूर्व जिलाधिकारी आईएएस संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर स्थित प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सीमित पारिवारिक उपस्थिति के बीच विवाह किया था. उस समय भी उनकी सादगीभरी शादी की प्रदेशभर में सराहना हुई थी. अब अकलेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा की शादी भी इसी वजह से चर्चा में है कि उन्होंने अपने निजी जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर को सादगी, संस्कार और सामाजिक संदेश से जोड़ दिया. उनकी यह शादी न केवल उत्तराखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि युवाओं के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें | हरियाणा में लोग बोले- लड़की भाग जाएगी, वही बेटी SDM बनकर घर लौटी, कहानी रवीना बनेटा की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं