गत सप्ताह बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 0.05 फीसदी या 9.74 अंकों की गिरावट के साथ 20,366.82 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 0.24 फीसदी या 14.85 अंकों की गिरावट के साथ 6,048.35 पर बंद हुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गत सप्ताह करीब आधी फीसदी की गिरावट रही। मिडकैप 0.40 फीसदी या 24.96 अंकों की गिरावट के साथ 6,311.88 पर बंद हुआ। स्मॉलकैप 0.76 फीसदी या 49.07 अंकों की गिरावट के साथ 6,279.69 पर बंद हुआ।
गत सप्ताह सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयरों में तेजी रही। टाटा मोटर्स (7.55 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (2.77 फीसदी), ओएनजीसी (2.43 फीसदी), इंफोसिस (2.21 फीसदी) और सन फार्मा (1.27 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही। गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे सिप्ला (10.49 फीसदी), हिंडाल्को (5.97 फीसदी), बजाज ऑटो (4.92 फीसदी), भेल (4.60 फीसदी) और हीरो मोटोकॉर्प (3.52 फीसदी)।
गत सप्ताह के प्रमुख घटनाक्रमों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने फरवरी महीनें में 13 फरवरी के उपलब्ध आंकड़े के मुताबिक 2,012.50 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। जनवरी 2014 में एफआईआई ने 714.30 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की थी। एफआईआई ने 2013 में 1,13,135.70 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की थी।
शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, थोक मूल्य पर आधारित देशी की महंगाई दर घटकर सात महीने के निचले स्तर 5.05 फीसदी पर पहुंच गई।
बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2013 में देश के औद्योगिक उत्पादन में साल-दर-साल आधार पर 0.6 फीसदी गिरावट आई। इसके साथ में नवंबर का उत्पादन भी संशोधन के साथ 1.3 फीसदी कम रहा। इस दौरान खनन और बिजली क्षेत्र में क्रमश: 0.4 फीसदी और 7.5 फीसदी वृद्धि रही, जबकि विनिर्माण क्षेत्र में 1.6 फीसदी गिरावट आई।
बुधवार को ही जारी एक अन्य आंकड़े के मुताबिक उपभोक्ता मूल्य पर आधारित महंगाई दर जनवरी 2014 में घटकर 24 महीने के निचले स्तर 8.79 फीसदी (साल-दर-साल) पर पहुंच गई। दिसंबर 2013 में यह दर 9.87 फीसदी थी।
शुक्रवार को जारी आंकड़े के मुताबिक, थोक मूल्य पर आधारित महंगाई दर जनवरी 2014 में घटकर सात महीने के निचले स्तर 5.05 फीसदी पर आ गई, जो दिसंबर 2013 में 6.16 फीसदी थी और जनवरी 2013 में 7.31 फीसदी थी। मौजूदा कारोबारी साल में अप्रैल-जनवरी की कुल महंगाई दर 5.17 फीसदी रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 5.78 फीसदी थी।