शेयर बाजार : ग्रीस घटनाक्रम, मॉनसून की प्रगति पर रहेगी नजर

मुंबई:

शेयर बाजारों में अगले हफ्ते मॉनसून की प्रगति और ग्रीस आर्थिक संकट संबंधी घटनाक्रम पर निवेशकों की नजर रहेगी।

सोमवार को बाजार ग्रीस में रविवार को होने वाले जनमत संग्रह पर प्रतिक्रिया करेगा, जिसमें मतदाता कर्ज की अगली खेप पाने के लिए कर्जदाताओं के सुधार प्रस्तावों को स्वीकारने या नकारने पर मत देंगे। सर्वेक्षण के मुताबिक जनमत संग्रह के परिणाम का अनुमान लगाना कठिन है।

अगले सप्ताह निवेशकों की नजर मॉनसून की प्रगति, मौजूदा कारोबारी साल की प्रथम तिमाही के लिए कंपनियों के परिणामों, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) और घरेलू संस्थागत निवेश (डीआईआई) के आंकड़ों, वैश्विक बाजारों के रुझान, डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल और तेल की कीमतों पर भी बनी रहेगी।

जुलाई के दूसरे सप्ताह से कंपनियां अपने परिणाम जारी करना शुरू कर देगी। परिणाम जारी करने का यह दौर अगस्त के दूसरे सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान निवेशक परिणाम के साथ कंपनी प्रबंधन द्वारा की जाने वाली आगामी तिमाहियों की आय की भविष्यवाणी में निवेश के अवसर ढूंढेंगे। प्रमुख कंपनियों में गुरुवार 9 जुलाई को सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टीसीएस के परिणाम से यह दौर शुरू होगा।

आगामी सप्ताह में बाजार की चाल मॉनसून की प्रगति पर भी निर्भर करेगी। अब तक देशभर में हुई अच्छी बारिश से महंगाई का दबाव कुछ कम हुआ है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य दरों में कटौती कर सकता है। रिजर्व बैंक 4 अगस्त को अगली मौद्रिक नीति समीक्षा की घोषणा करेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सरकार शुक्रवार 10 जुलाई को मई महीने के लिए औद्योगिक उत्पादन से संबंधित आंकड़े जारी करेगी। अप्रैल महीने में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर 4.1 फीसदी रही थी, जो मार्च में 2.5 फीसदी थी।