खास बातें
- सेंसेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 130.76 अंक मजबूत खुला। यह लगातार छठा दिन है, जब सेंसेक्स में तेजी दर्ज की गई है।
Mumbai: सतत पूंजी प्रवाह के बीच बंबई शेयर बाजार का सूचकांक मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 130.76 अंक मजबूत खुला। यह लगातार छठा दिन है, जब सेंसेक्स में तेजी दर्ज की गई है। 30 शेयरों वाला सूचकांक 130.76 अंक या 0.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,073.90 अंक पर खुला। दो महीने बाद सेंसेक्स 19,000 के पार गया है। पिछले पांच सत्रों में सेंसेक्स करीब 1,100 अंक चढ़ चुका है। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 32 अंक या 0.56 फीसदी चढ़कर 5,719.25 अंक पर खुला। कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली से बाजार में तेजी आई है। कच्चे तेल के भाव कम होने से मुद्रास्फीति को लेकर आशंका घटने से भी बाजार धारणा को बल मिला है। कच्चे तेल की कीमत 47 सेंट घटकर 103.48 डॉलर प्रति बैरल हो गई। यह लगातार चौथा सत्र है, जब इसके मूल्य में कमी दर्ज की गई है।