सेंसेक्स ने फिर लगाया गोता, 470 अंक लुढ़क कर 8 महीने के निचले स्‍तर पर पहुंचा

सेंसेक्स ने फिर लगाया गोता, 470 अंक लुढ़क कर 8 महीने के निचले स्‍तर पर पहुंचा

मुंबई:

चालू खाते के घाटे में तेज गिरावट एवं सकारात्मक वैश्विक रुख के बावजूद शेयर बाजार फिर से बिकवाली दबाव में आ गया जिससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 470 अंक टूटकर आठ माह के निचले स्तर 26,370.98 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 8,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया।

मॉनसून के धीमी गति से आगे बढ़ने और अप्रैल के लिए आईआईपी एवं मई के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आंकड़े जारी होने से पहले बाजार की धारणा कमजोर रही। ब्रोकरों ने कहा कि ऐसे में निवेशकों ने मुनाफा वसूली करना बेहतर समझा।

बुधवार को आरबीआई ने कहा कि 2014-15 की चौथी तिमाही में चालू खाते का घाटा तेजी से घटकर एक साल के सबसे निचले स्तर 1.3 अरब डॉलर पर आ गया।

इससे तीस शेयरों वाला सेंसेक्स गुरुवार को तेजी के साथ खुला और दिन के उच्च स्तर 27,000.14 अंक का स्तर छू गया। हालांकि मुनाफा वसूली से यह 469.52 अंक टूटकर 26,370.98 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 8,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 7,965.35 अंक पर बंद हुआ जो पूर्व बंद स्तर की तुलना में 159.10 अंक की गिरावट दर्शाता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेंसेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों को हुआ जिसमें टाटा पावर 4.88 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 3.61 प्रतिशत और टाटा स्टील 2.34 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।