- अन्नू कटारिया ने हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा में 95वीं रैंक हासिल कर अफसर बनने का सपना पूरा किया
- वह हरियाणा के जींद जिले के गांव खरकरामजी की रहने वाली हैं और 12वीं कक्षा में टॉपर रहीं
- पंजाब यूनिवर्सिटी से बीएससी मेडिकल और एमएससी जूलॉजी की पढ़ाई के बाद उन्होंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया
Success Story: सिर पर साफा, गले में नोटों की माला और चेहरे पर कामयाबी की खुशी. सामने जब पिता आए तो वह उनसे लिपट गई और फूट-फूटकर रोने लगी. वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति अपने आंसू नहीं रोक पाया. यह थीं अन्नू कटारिया, जिन्होंने हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) परीक्षा में 95वीं रैंक हासिल की है. समाज उनके पिता को ताने देता रहा कि बेटी की शादी कर दो, मगर उन्होंने पढ़-लिखकर और कड़ी मेहनत के दम पर अफसर बनने का सपना पूरा कर लिया. पहली बार अपने गांव पहुंचने पर हर कोई उनके विजय जुलूस में शामिल हुआ.
चार अंकों से चूकीं, फिर भी नहीं मानी हार
मीडिया से बातचीत में अन्नू कटारिया ने बताया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में पहले प्रयास में वह महज चार अंकों से चूक गई थीं. रिजल्ट देखने के बाद वह काफी निराश हुईं, लेकिन हिम्मत नहीं हारी और एचसीएस की तैयारी जारी रखी. उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सात बार असफलता का सामना किया, मगर खुद पर भरोसा कभी नहीं टूटने दिया. आखिरकार दूसरे प्रयास में एचसीएस में 95वीं रैंक हासिल कर अफसर बनने का सपना पूरा कर लिया.
गांव पहुंचीं तो हुआ भव्य स्वागत, पिता से मिलकर हुईं भावुक
हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद अन्नू कटारिया बीते दिनों पहली बार अपने गांव खरकरामजी पहुंचीं. इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने उनका जोरदार स्वागत किया. उन्हें साफा पहनाया गया और फूलों व नोटों की मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया. गांव की महिलाओं ने उन्हें गले लगाया और वह खुद भी अपने पिता के गले लगकर फूट-फूटकर रो पड़ीं. वहां मौजूद हर व्यक्ति अन्नू कटारिया की सफलता की मिसाल देता नजर आया. उनके विजय जुलूस के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं.
जींद से रिपोर्टर दिलबाग सिंह अहलावत के इनपुट के साथ
यह भी पढ़ें- IPS आदित्य मिश्रा के तबादले से भावुक हुआ बालाघाट, लोगों ने कहा- ऐसे SP फिर नहीं मिलेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं