यह ख़बर 05 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

हार्ले डेविडसन ने पेश की स्ट्रीट-750 बाइक, कीमत चार लाख रुपये

ग्रेटर नोएडा:

मोटरबाइक निर्माता कंपनी हार्ले डेविडसन ने अपनी बहु-प्रतीक्षित तथा सस्ती बाइक 'स्ट्रीट 750' आज पेश की, जिसकी कीमत 4.10 लाख रुपये रखी गई है।

हार्ले डेविडसन इंडिया के प्रबंध निदेशक अनूप प्रकाश ने 12वें वाहन मेले में कहा, ''नई 'स्ट्रीट 750' की कीमत दिल्ली में 4.10 लाख रुपये (एक्स शोरूम) है... इससे उन लोगों के लिए विकल्प बढ़े हैं, जो मोटरसाइकिल चलाना पसंद करते हैं... इससे हार्ले डेविडसन की पहुंच नई युवा पीढ़ी तक होगी...''

नई मोटरसाइकिल की बुकिंग 1 मार्च, 2014 से शुरू होगी और यह कंपनी के देशभर में मौजूद 13 शोरूम में उपलब्ध रहेगी। कंपनी भारत में 13 मॉडल बेच रही है और 'स्ट्रीट 750' सबसे सस्ता मॉडल है। उल्लेखनीय है कि अब हार्ले डेविडसन की भारत में मौजूद मोटरसाइकिलों की कीमत 4.10 लाख रुपये से लेकर 29 लाख रुपये तक है।

इस नई मोटरसाइकिल को हरियाणा के बावल संयंत्र में असेम्बल किया गया है और इसके इंजन की क्षमता 750 सीसी तथा ईंधन क्षमता 13.1 लिटर है। इस मॉडल का निर्माण बावल संयंत्र में होगा, और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसका निर्यात किया जाएगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसके अलावा कंपनी ने 'फैट ब्वॉय', 'स्ट्रीट बॉब' तथा 'स्ट्रीट ग्लाइड' जैसे अन्य माडल भी वाहन मेले में पेश किए हैं।

फोर्ड ने पेश कीं दो सेडान कारें

उधर, अमेरिका की प्रमुख वाहन कंपनी फोर्ड मोटर्स ने भी मध्यम आकार की सेडान फिएस्टा तथा कॉम्पैक्ट सेडा फिगो कांसेप्ट आज पेश कीं। फोर्ड एशिया-प्रशांत के अध्यक्ष डेविड स्कोच ने कहा, ''हमारी वर्ष 2014 में वैश्विक स्तर पर 23 मॉडल पेश करने की तैयारी है, जो एक सदी में सर्वाधिक है... हमारी नजर में भारत में बाजार के साथ-साथ विनिर्माण के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में काफी संभावना है...'' उन्होंने कहा कि कंपनी के गुजरात के साणंद में नए कारखाने में उत्पादन वर्ष 2015 से शुरू होगा। इससे कंपनी की कार बनाने की क्षमता दोगुनी होकर 4.4 लाख इकाई तथा इंजन क्षमता 6.1 लाख इकाई हो जाएगी।

रेनो ने पेश की कॉन्सेप्ट कार केडब्ल्यूआईडी

इसके अलावा, फ्रांस की कार कंपनी रेनो ने भी अपनी कॉन्सेप्ट कार केडब्ल्यूआईडी को 12वें वाहन मेले में वैश्विक स्तर पर पेश किया। कंपनी ने इसके साथ ही फ्लूएंस तथा डस्टर के नए संस्करण भी पेश किए। रेनो के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा चेयरमैन गिल्स नोरमैंड ने 12वें वाहन मेले में कहा, ''यह पहला मौका है, जब हमने कॉन्सेप्ट कार यूरोप के बाहर पेश की और यह भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है...'' भारत में रेनो परिचालन को देखने वाले सीईओ तथा प्रबंध निदेशक सुमीत अवस्थी ने कहा कि केडब्ल्यूआईडी को युवा ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।