अदाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी बरकरार.
मुंबई: अदाणी समूह (Adani Group) की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को भी लगातार सातवें सत्र में तेजी देखने को मिल रही है. गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में भले ही उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिला हो, लेकिन अदाणी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त उछला देखने को मिल रहा है. ग्रुप के सभी शेयरों ने हरे निशान के साथ कारोबार शुरू हुआ और कई शेयरों में अपर सर्किट भी लग गया. बता दें कि बाजार खुलने के कुछ मिनटों के अंदर सारे 10 शेयरों में हरे निशान के साथ कारोबार होने लगा. ग्रुप के छह शेयरों अदाणी ग्रीन (Adani Green Share Price), अदाणी पावर (Adani Power), अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), अदाणी विल्मर (Adani Wilmar), अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) और एनडीटीवी (NDTV) में शुरुआती कारोबार में ही अपर सर्किट लग गया.
अदाणी समूह ने अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड, अदाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड और अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में अल्पांश हिस्सेदारी अमेरिकी कंपनी को बेचे हैं.
गौरतलब है कि अदाणी समूह की कंपनियों के शेयर बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे और इस दौरान अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर लगातार छह दिन तक बढ़ते हुए एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए. समूह के शेयरों में कुछ ने अपने ऊपरी सर्किट स्तर को भी छुआ. इससे पहले समूह ने कहा कि उसने 7,374 करोड़ रुपये (90 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक) का कर्ज चुकाया है और महीने के अंत तक ऐसे सभी शेष ऋणों का भुगतान करेगा.
इसके बाद अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी आई. एनएसई और बीएसई ने सोमवार को कहा कि अदाणी एंटरप्राइजेज को अल्पकालिक अतिरिक्त निगरानी उपाय (एएसएम) ढांचे से बाहर कर दिया जाएगा. लगातार छठे दिन बढ़त के साथ बीएसई पर अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 2.86 प्रतिशत चढ़कर 2,039.65 रुपये पर बंद हुए थे. इसके अलावा, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीसेज) के शेयर 3.22 प्रतिशत बढ़कर 712.75 रुपये पर बंद हुए थे.
अदाणी पावर 186.75 रुपये पर, अदाणी ट्रांसमिशन 819.90 रुपये पर, अदाणी ग्रीन एनर्जी 619.60 रुपये पर, अदाणी टोटल गैस 861.90 रुपये पर और अदाणी विल्मर 461.15 रुपये पर बंद हुआ था.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)