Adani Enterprises Q2 Results:अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी का समेकित रेवेन्यू सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़कर 38,023 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं, EBITDA में 62 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है ये बढ़कर 6,316 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि निरंतर परिचालन से टैक्स पूर्व प्रॉफिट 146 प्रतिशत बढ़कर 2,002 करोड़ रुपये हो गया.
इस शानदान प्रदर्शन को लेकर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि कंपनी के मजबूत नतीजे पिछले कुछ वर्षों में किए गए निवेशों की परिपक्वता और विभिन्न व्यवसायों की तेजी से बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं.
उन्होंने कहा, 'हम ऐसे दौर में जी रहे हैं जहां बदलाव की गति बहुत तेज है और ऐसे में हमारी महत्वाकांक्षाओं का दायरा भी लगातार बढ़ना चाहिए. अदाणी एंटरप्राइजेज की सबसे बड़ी ताकत बड़े और जटिल प्रोजेक्ट्स को बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने की क्षमता है.'
ग्रुप चेयरमैन ने कहा कि एकीकृत ऊर्जा, एयरपोर्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम में किए गए निवेश इसके हालिया उदाहरण हैं. उन्होंने कहा कि वैश्विक और घरेलू निवेशकों का लगातार बना विश्वास कंपनी की निष्पादन क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है.
पहली छमाही मजबूत रही, आंकड़े शानदार
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी कंपनी ने मजबूत वृद्धि दर्ज की. इस अवधि में समेकित राजस्व 62 प्रतिशत बढ़कर 71,569 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA 56 प्रतिशत बढ़कर 11,958 करोड़ रुपये पहुंच गया. छह माह की अवधि में निरंतर परिचालन से पीबीटी 45 प्रतिशत बढ़कर 3,297 करोड़ रुपये रहा.
कॉपर कारोबार ने बढ़ाई आमदनी
कंपनी ने बताया कि उसके कॉपर कारोबार ने आय वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया. पहली छमाही के दौरान कॉपर व्यवसाय से 2,033 करोड़ रुपये का EBITDA प्राप्त हुआ. कॉपर प्लांट की उत्पादन क्षमता में तेजी से विस्तार हुआ है और वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में बिक्री मात्रा सालाना आधार पर 5.2 गुना बढ़ गई.
उभरते कारोबारों में भी कंपनी ने महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है. अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (ANIL) ने सितंबर 2026 में 4.3 गीगावाट क्षमता की नई टॉपकॉन सोलर मॉड्यूल लाइन चालू की, जिसके बाद उसकी कुल सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता बढ़कर 10 गीगावाट हो गई.
क्रेडिट रेटिंग भी बढ़ी
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में अदाणीकॉनेक्स को नवी मुंबई डेटा सेंटर के लिए 240 मेगावाट का नया हाइपरस्केल ऑर्डर प्राप्त हुआ है, जो कंपनी के डेटा सेंटर कारोबार के विस्तार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.
इस तिमाही के दौरान कंपनी की वित्तीय प्रोफाइल को भी मजबूती मिली. केयर रेटिंग्स ने अदाणी एंटरप्राइजेज की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग बढ़ाकर एए (स्टेबल आउटलुक) कर दी है. कंपनी के इतिहास में यह अब तक की सबसे ऊंची क्रेडिट रेटिंग है.
यह भी पढ़ें | अदाणी पोर्ट्स की आय 24 फीसदी बढ़ी, मुनाफा 3622 करोड़ हुआ, Q2 में लॉजिस्टिक और मरीन बिजनेस ग्रोथ से मिला सपोर्ट
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं