GST Council Meeting: 57वीं GST काउंसिल की बैठक की तारीख एक बार फिर बदल दी गई है. अब GST काउंसिल की बैठक 7 अक्टूबर, बुधवार को नहीं होगी. GST काउंसिल सचिवालय ने ऑफिस मेमोरेंडम जारी कर बैठक को दोबारा शेड्यूल करने की जानकारी दी है. बैठक की तारीख बदलने के पीछे की वजह 'अपरिहार्य परिस्थितियां' बताई गई है. ये दूसरी बार है जब 57वीं GST काउंसिल की बैठक की तारीख बदली गई है.
बताया गया कि अब 8 अक्टूबर, गुरुवार को बैठक होगी. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी और इसमें राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होंगे.

रजिस्ट्रेशन से रिफंड तक नियमों में बदलाव पर चर्चा
8 अक्टूबर को होने वाली बैठक में GST से जुड़े रजिस्ट्रेशन, रिटर्न और रिफंड सिस्टम में बदलाव पर चर्चा होगी. इसके अलावा GST विवादों को सुलझाने के लिए नीतिगत सुधार और इनपुट टैक्स क्रेडिट के फ्लो को बेहतर बनाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा.
इसका उद्देश्य कारोबारियों के लिए GST अनुपालन यानी कंप्लायंस में लगने वाले समय और लागत को कम करना है.
GST अपराधों को डिक्रिमिनलाइज करने पर भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, GST काउंसिल बैठक में प्रक्रिया से जुड़े बड़े सुधारों पर विचार कर सकती है. इनमें GST अपराधों को डिक्रिमिनलाइज करना यानी कुछ अपराधों को आपराधिक दायरे से बाहर करना शामिल है.
इसके अलावा GST अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्तियों को हटाने और कारोबारियों के लिए टैक्स कंप्लायंस को आसान बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है. इसमें ई-कॉमर्स से जुड़े सप्लायर्स के लिए कंप्लायंस प्रक्रिया आसान बनाने पर भी विचार संभव है.
पहली बार 12 सितंबर को होनी थी बैठक
57वीं GST काउंसिल की बैठक मूल रूप से 12 सितंबर को प्रस्तावित थी. बाद में BRICS समिट के चलते इसकी तारीख बदलकर 7 अक्टूबर कर दी गई थी.
भारत ने 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में वार्षिक BRICS समिट की मेजबानी की थी. अब एक बार फिर बैठक की तारीख बदलकर 8 अक्टूबर कर दी गई है.
यानी 57वीं GST काउंसिल की बैठक अब दूसरी बार रीशेड्यूल हुई है. इस बैठक में रेट में बदलाव से ज्यादा GST प्रक्रिया और कंप्लायंस से जुड़े सुधारों पर फोकस रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें | सोने-चांदी पर टैक्स को लेकर बड़ा अपडेट, खत्म हो सकती है GST छूट, 2 दिन बाद फैसला, जानिए कहां क्या असर होगा
यह भी पढ़ें | GST में क्या बदलने वाला है, PM मोदी ने बताया रिफॉर्म का प्लान, जानिए कैसे कारोबार करना होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं