विज्ञापन

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर, शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्‍स गिरा

भारतीय शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन सेंसेक्‍स फिर गिर गया. सेंसेक्स ने आज 800 से अधिक अंकों की तेजी के साथ 74675 के स्तर को पार किया. वहीं, रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 94.78 पर खुला.

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर, शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्‍स गिरा
वैश्विक बाजारों से मिले समर्थन से सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत तक की तेजी
  • आज शेयर बाजार में सेंसेक्स ने 800 से अधिक अंकों की तेजी के साथ 74,675 के स्तर को पार किया
  • निफ्टी 50 ने भी 0.80 प्रतिशत से अधिक बढ़त दर्ज करते हुए 23,000 के ऊपर कारोबार किया
  • निफ्टी आईटी सेक्टर में 2.3 प्रतिशत की सबसे अधिक तेजी देखने को मिली जबकि केमिकल और मीडिया सेक्टर गिरावट में रहे
नई दिल्‍ली:

शेयर बाजार में आज तूफानी तेजी देखने को मिली. बाजार खुलते ही सेंसेक्‍स ने 800 से ज्‍यादा अंकों की छलांग लगाई, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल उठे. लेकिन शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्‍स गिर गया. दोपहर लगभग 12 बजे तक सेंसेक्‍स में 180 अंकों की गिरावट दर्ज की गई; हालांकि, वैश्विक बाजारों से मिले पॉजिटिव रुख के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में खुला. इस बीच प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों में लगभग एक प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. इस दौरान, सेंसेक्स करीब 822 अंक उछलकर 74,675 के स्तर को पार कर गया, तो वहीं निफ्टी 50 भी 0.80 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 23,000 के ऊपर पहुंच गया. दोपहर 11 बजे तक सेंसेक्‍स में 422 अंकों की बढ़त बनी हुई है. 

दिन में सेंसेक्स अपने पिछले बंद 73,852 से 485 अंक यानी 0.65 प्रतिशत चढ़कर 74,337 के स्तर पर खुला. वहीं एक समय यह 754.76 अंकों यानी 1.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,607.66 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 22,888.95 से 127 अंक यानी 0.55 प्रतिशत उछलकर 23,016.00 पर खुला और दिन के कारोबार में एक समय यह 230.3 अंकों यानी 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,119.25 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

आईटी में बहार का दिख रहा असर 

बाजार में निफ्टी मिडकैप 100 में 0.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.09 प्रतिशत की गिरावट आई. सेक्टरवार देखें तो सबसे ज्यादा निफ्टी आईटी में 2.3 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली. इसके साथ ही निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी सीमेंट और निफ्टी रियल्टी में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई. इसके विपरीत, निफ्टी केमिकल और निफ्टी मीडिया में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई.

रुपये की कीमत भी डॉलर के मुकाबले बढ़ी
 

मुद्रा बाजार में, भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे बढ़कर 94.78 पर खुला, जबकि पिछले दिन यह 94.93 के स्तर पर बंद हुआ था. वैश्विक स्तर पर, एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई, जिसमें दक्षिण कोरियाई शेयरों ने सबसे आगे बढ़कर बढ़त दर्ज की. वॉल स्ट्रीट पर रात भर के दौरान, स्वास्थ्य सेवा शेयरों में बढ़त ने डॉव जोन्स और एसएंडपी 500 सूचकांकों को ऊपर उठाया, जबकि तकनीकी शेयरों ने नैस्डैक सूचकांक को मामूली रूप से नीचे खींच लिया. इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई, वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट तेल 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार करता नजर आया.

क्‍या कहते हैं एक्‍सपर्ट?

मार्केट एक्‍सपर्ट्स का कहना है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावना को लेकर बनी आशावादिता से घरेलू बाजार को समर्थन मिल सकता है, लेकिन उच्च कच्चे तेल की कीमतें, वैश्विक बॉन्ड यील्ड में वृद्धि और लगातार भू-राजनीतिक अनिश्चितता निवेशकों के विश्वास पर दबाव डाल रही है, जिससे स्थायी सुधार मुश्किल साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें:- 'अगर हम 100 रुपए का माल देंगे तो'; गुजराती कारोबारी ने बताया बिजनेस में कामयाब होने का फॉर्मूला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Share Market, Nift, Sensex
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com