विज्ञापन

दुबई के इस बड़े बैंक का RBL Bank में होने जा रहा मर्जर, RBI से मिली मंजूरी, जानें ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर

RBL Bank Merger: RBI ने Emirates NBD की भारतीय शाखाओं के RBL Bank में विलय को मंजूरी दी. 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा मर्जर.यहां जानें ₹26,000 करोड़ के निवेश और ग्राहकों पर इसके असर की पूरी जानकारी.

दुबई के इस बड़े बैंक का RBL Bank में होने जा रहा मर्जर, RBI से मिली मंजूरी, जानें ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर
RBI approves Emirates NBD merger with RBL Bank: Emirates NBD की भारतीय शाखाएं अब RBL Bank के नाम से काम करेंगी.

Emirates NBD RBL Bank Merger: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दुबई के एमिरेट्स एनबीडी बैंक (Emirates NBD Bank) को आरबीएल बैंक (RBL Bank) में मर्ज करने की मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही भारत में मौजूद Emirates NBD की तीनों ब्रांच RBL Bank का हिस्सा बन जाएंगी. Emirates NBD की मुंबई, गुरुग्राम और चेन्नई स्थित ब्रांच अब पूरी तरह से RBL Bank के नाम से काम करेंगी. यह बदलाव 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा. 

इस साल जून में Emirates NBD ने करीब ₹26,000 करोड़ का निवेश करके RBL Bank में 60% हिस्सेदारी खरीदी थी.

1 दिसंबर से लागू होगा मर्जर

RBI ने 16 अक्टूबर को इस मर्जर को मंजूरी दी. यह फैसला बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 की धारा 44A(4) के तहत लिया गया है. इसके तहत तय तारीख से Emirates NBD की भारत में मौजूद सभी शाखाएं RBL Bank की शाखाओं के तौर पर काम करेंगी.यह मर्जर दोनों बैंकों के बीच हुए एक बड़े डील के बाद होने जा रहा है. जून में ही हिस्सेदारी खरीदने का काम पूरा हो गया था, जबकि भारतीय ब्रांच का मर्जर दिसंबर से लागू होगा.

₹26,000 करोड़ में खरीदी 60% हिस्सेदारी

Emirates NBD ने 18 जून 2026 को RBL Bank में 60% हिस्सेदारी खरीदने का सौदा पूरा किया. इसके लिए बैंक ने करीब 2.75 अरब डॉलर यानी ₹26,000 करोड़ का निवेश किया. इस रकम के बदले RBL Bank के नए शेयर जारी किए गए और Emirates NBD उसका प्रमोटर बन गया.

CCI से भी मिल चुकी है मंजूरी

इस डील का ऐलान पहली बार 18 अक्टूबर 2025 को हुआ था. नवंबर 2025 में शेयरधारकों ने इसे मंजूरी दी. इसके बाद अप्रैल 2026 में RBI ने Emirates NBD को RBL Bank में 74% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी. 15 मई को RBL Bank ने जरूरी सरकारी और रेगुलेटरी मंजूरियां मिलने की जानकारी दी थी. जनवरी 2026 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) भी प्रस्तावित सौदे को मंजूरी दे चुका था.

ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?

फिलहाल RBI के आदेश में ग्राहकों के खातों, कार्ड, ब्याज दरों या दूसरी बैंकिंग सर्विस में किसी बदलाव की जानकारी नहीं दी गई है. इसलिए सिर्फ इस मर्जर के आधार पर ये नहीं कहा जा सकता कि कस्टमर सर्विस में क्या-क्या बदलाव हो सकते हैं. 1 दिसंबर से Emirates NBD की भारतीय शाखाएं RBL Bank के नाम से काम करेंगी. ग्राहकों को किसी प्रक्रिया में बदलाव करना होगा या नहीं, इसके लिए बैंक आने वाले समय में जानकारी शेयर करेगा जिसे देखना ग्राहकों के लिए  जरूरी होगा.

भारत में कारोबार बढ़ाने की तैयारी

Emirates NBD भारत में मुंबई, गुरुग्राम और चेन्नई में तीन ब्रांच के जरिए काम करता है. यहां उसके करीब 30 कर्मचारी हैं. दूसरी ओर, सितंबर 2026 के अंत तक RBL Bank की 628 शाखाएं थीं और उसके 14,222 कर्मचारी थे. बैंक के 1.5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं.

RBL Bank के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO आर. सुब्रमण्यकुमार ने अक्टूबर 2025 में कहा था कि नए निवेश का बड़ा हिस्सा ब्रांच का नेटवर्क बढ़ाने में लगाया जा सकता है.

भारतीय बैंकिंग में सबसे बड़ा विदेशी निवेश

Emirates NBD और RBL Bank ने इस सौदे को भारतीय बैंकिंग सेक्टर का अब तक का सबसे बड़ा विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) और इक्विटी फंड जुटाने का डील बताया है. दोनों बैंकों के मुताबिक, यह किसी मुनाफे में चल रहे भारतीय बैंक में विदेशी बैंक की बहुमत हिस्सेदारी खरीदने का पहला मामला भी है. Emirates NBD को इस सौदे से भारत में बड़ा कारोबार खड़ा करने का मौका मिला है, जबकि RBL Bank को विस्तार के लिए अतिरिक्त पूंजी मिली है. दोनों बैंक अपने नेटवर्क और बैंकिंग अनुभव का फायदा उठाकर कारोबार बढ़ाना चाहते हैं.

Emirates NBD में दुबई सरकार की Investment Corporation of Dubai और Dubai Holding Group के जरिए करीब 56% हिस्सेदारी है. दुबई फाइनेंशियल मार्केट में लिस्टेड इस बैंक का मार्केट कैप 50 अरब डॉलर से ज्यादा है.

RBL Bank के कारोबार में भी तेजी

RBL Bank ने 12 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 170% और पिछली तिमाही के मुकाबले 90% बढ़कर ₹4,818 करोड़ रहा.सितंबर के अंत में बैंक का नेट एडवांस 42% सालाना बढ़कर ₹1.4 लाख करोड़ और जमा राशि 34% बढ़कर ₹1.6 लाख करोड़ हो गई. इस मर्जर के बाद अब बैंक के लिए अपने कारोबार और शाखाओं का नेटवर्क बढ़ाने का रास्ता और साफ हो गया है.

यह भी पढ़ें | IDBI Bank Sale: IDBI बैंक के निजीकरण के बाद क्या-क्या बदलेगा? ग्राहकों के लिए क्या रहेगा पहले जैसा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bank Merger News, RBL Bank, RBL Bank Emirates NBD, Emirates NBD RBL Bank Deal, Emirates NBD Stake
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com