विज्ञापन

विंटर सीजन से पहले नवी मुंबई एयरपोर्ट ने बढ़ाई कनेक्टिविटी, बस, टैक्सी और शटल सेवाओं का किया विस्तार

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने विंटर शेड्यूल 2026-27 से पहले अपने मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का विस्तार किया है. इसके तहत इलेक्ट्रिक बसें, मुफ्त एयरपोर्ट शटल, टैक्सी, ऑटो और कार रेंटल सेवाएं बढ़ाई जा रही हैं.

विंटर सीजन से पहले नवी मुंबई एयरपोर्ट ने बढ़ाई कनेक्टिविटी, बस, टैक्सी और शटल सेवाओं का किया विस्तार
नवी मुंबई एयरपोर्ट की बड़ी तैयारी
NDTV
  • नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने विंटर शेड्यूल 2026-27 से पहले मल्टीमॉडल परिवहन नेटवर्क का विस्तार किया
  • महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम अक्टूबर से ई-शिवाई इलेक्ट्रिक बस सेवाएं दादर, बोरीवली और पुणे से शुरू करेगा
  • 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड वाली महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) द्वारा संचालित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने आगामी विंटर शेड्यूल 2026-27 से पहले अपने मल्टीमॉडल परिवहन नेटवर्क का विस्तार किया है. इसका उद्देश्य मुंबई, नवी मुंबई, पुणे और पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के यात्रियों के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाना है.

एनएमआईए ने एक बयान में सोमवार को बताया कि 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक लागू रहने वाले विंटर शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए बसों, टैक्सियों, ऑटो-रिक्शा, कार रेंटल और एयरपोर्ट शटल सेवाओं का व्यापक विस्तार किया जा रहा है.

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस योजना के तहत महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) 7 अक्टूबर से ई-शिवाई इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करेगा. पहले चरण में ये सेवाएं नवी मुंबई एयरपोर्ट को दादर, बोरीवली और पुणे से जोड़ेंगी. वहीं, किराया पुणे के लिए 450 रुपए, बोरीवली के लिए 210 रुपए और दादर ईस्ट के लिए 170 रुपए तय किया गया है.

बयान में कहा गया है कि 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया छूट भी मिलेगी.

दादर-एनएमआईए मार्ग सायन और अटल सेतु के माध्यम से संचालित होगा, जबकि बोरीवली मार्ग सीएसएमआईए टर्मिनल-1, बांद्रा और अटल सेतु से होकर गुजरेगा. पुणे रूट पर प्रतिदिन दो बस सेवाएं संचालित की जाएंगी. इसके अलावा नवंबर के मध्य तक ठाणे और नासिक को भी एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना है.

निजी बस ऑपरेटर चलो बस पहले से ही प्रतिदिन 21 सेवाएं संचालित कर रहा है, जो एयरपोर्ट को मारोल (अंधेरी ईस्ट), बांद्रा, दादर और कोलाबा स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से जोड़ती हैं. बढ़ती मांग को देखते हुए पीक आवर्स में अतिरिक्त सेवाएं भी जोड़ी जा रही हैं.

नवी मुंबई के भीतर नवी मुंबई म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट (एनएमएमटी) एयरपोर्ट के लिए सात विशेष रूट (ए1 से ए7) संचालित कर रहा है. ये सेवाएं टर्मिनल-1 को खारकोपर, तारघर, बेलापुर, नेरुल, पनवेल, खांदेश्वर और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट ऑफिस से जोड़ती हैं.

बेलापुर और नेरुल के बीच पीक समय में हर 15-20 मिनट पर बसें उपलब्ध हैं. आगे चलकर वाशी और पनवेल की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की भी योजना है.

बयान में आगे कहा गया है कि एयरपोर्ट ने अंतिम मील कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए टैक्सी और ऑटो सेवाओं का भी विस्तार किया है. उबर गो, उबर प्रीमियर और उबर ऑटो जैसी सेवाएं यात्रियों को ऑन-डिमांड परिवहन सुविधा प्रदान करेंगी. इसके अलावा, प्रीपेड टैक्सी, प्रीपेड ऑटो और कार रेंटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.

भारत टैक्सी 10 अक्टूबर से एयरपोर्ट पर अपनी सेवाएं शुरू करेगी और प्रारंभिक चरण में 40 वाहनों का बेड़ा उपलब्ध कराएगी.

यात्रियों की सुविधा के लिए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) के बीच निःशुल्क शटल सेवा भी शुरू की जा रही है. सिटीफ्लो, आर्या और चलो द्वारा संचालित यह सेवा हर घंटे उपलब्ध होगी और मुंबई के दोनों एयरपोर्ट के बीच सीधा ट्रांसफर प्रदान करेगी.

कुल मिलाकर एयरपोर्ट की ग्राउंड ट्रांसपोर्ट क्षमता बढ़ाकर 4,689 वाहनों और सेवाओं तक पहुंचाई जा रही है, जिसमें 3,787 ऐप-आधारित टैक्सियां, 184 कार रेंटल वाहन, 171 ऑटो-रिक्शा और 547 बसें शामिल हैं.

यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए एयरपोर्ट पर नई साइनज व्यवस्था, उन्नत वे-फाइंडिंग सिस्टम और ऑन-ग्राउंड सहायता सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं. बसों, शटल सेवाओं, आगमन, प्रस्थान और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग समर्पित क्षेत्र भी विकसित किए गए हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Navi Mumbai Airport, Navi Mumbai Airport News, Navi Mumbai APMC Market News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com