कुणाल खेमू की फिल्म वाइब (Vibe) और करीना कपूर खान व पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर दायरा (Daayra) के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबले की शुरुआत धीमी रही. दोनों फिल्मों ने पहले दिन उम्मीद से कम कमाई की. 18 सितंबर को रिलीज हुई ये दोनों फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं और माना जा रहा था कि ये अलग-अलग तरह के दर्शकों को आकर्षित करेंगी.
वाइब vs दायरा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (Vibe vs Daayra box office collections)
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक, कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी वाइब (Vibe) ने रिलीज के पहले दिन 1.50 करोड़ रुपये नेट की कमाई की. वहीं करीना कपूर खान की फिल्म दायरा (Daayra) ने भारत में लगभग 90 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि वाइब की ओपनिंग उम्मीद से थोड़ी कम रही, लेकिन इसके बावजूद इसने पहले दिन की कमाई के मामले में जुनैद खान और साई पल्लवी की एक दिन (Ek Din) और इम्तियाज अली की मैं वापस आऊंगा (Main Vaapas Aaunga) को पीछे छोड़ दिया. इन दोनों फिल्मों ने अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
वाइब के देशभर में 3,194 शोज दिखाए गए और पहले दिन इसकी कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 13.38 प्रतिशत रही. फिल्म ने सुबह के शोज में 6 परसेंट ऑक्यूपेंसी के साथ शुरुआत की, जिसके बाद दोपहर में यह बढ़कर 11.31 परसेंट और शाम तक 14 परसेंट पहुंच गई.
ये भी पढ़ें: VIBE Review: स्पाई फिल्मों पर तंज है कुणाल-प्रीति जिंटा की वाइब, फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने वालों का रिव्यू
वहीं, दायरा शुक्रवार को भारत में 2,238 शोज़ में रिलीज हुई और इसकी कुल ऑक्यूपेंसी 11.65 परसेंट दर्ज की गई. फिल्म हिंदी और मलयालम, दोनों भाषाओं में रिलीज हुई थी. हालांकि, पहले दिन की कमाई में हिंदी वर्जन की कमाई ज्यादा रही, जबकि मलयालम भाषा में रिलीज इस फिल्म का कलेक्शन कम आया.
फिल्म वाइब को कुणाल खेमू ने ही लिखा और डायरेक्ट किया है, इस फिल्म में वो स्पर्श श्रीवास्तव और प्रीति जिंटा के साथ लीड रोल में नजर आ रहे हैं. वहीं मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी दायरा रियल बेस्ड इंसिडेंट पर बनी फिल्म बताई जा रही है. इस फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा जितेंद्र जोशी, क्षिति जोग, कंवलजीत सिंह, संदीप कुलकर्णी और तृप्ति खामकर भी सपोर्टिंग रोल्स में दिखाई दे रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं