रक्षाबंधन का त्यौहार खुशी का होता है, जिसमें भाई को बहन राखी बांधती है और बहन की रक्षा का भाई कर्तव्य निभाता है. लेकिन यही दिन अगर मातम में बदल जाए और वही बहन के राखी बांधने की बजाय अर्थी उठाए तो क्या होगा. चार बहनों और एक बड़े भाई की एक फिल्म का ऐसा ही गाना, जो बहनों के प्यार को तो बयां करता है. लेकिन समाज का एक कड़वा सच भी दिखाता है, जो दिल चीर कर रख देगा. हम बात कर रहे हैं साल 2022 में आई फिल्म रक्षाबंधन के गाने बिदाई और तेरे साथ हूं मैं की.
तेरे साथ हूं मैं में भाई का बलिदान
रक्षाबंधन फिल्म का गाना तेरे साथ हूं मैं में अक्षय कुमार अपनी बहन की शादी के लिए दुकान गिरवीं रखकर शादी करवाते हुए नजर आ रहे हैं और इमोशनल नजर आ रहे हैं. इस गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है. जबकि बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं. गाने को निहाल तौरो ने गाया है. इस गाने में बहन की शादी का वो पल दिखाया गया है, जो सभी को इमोशनल कर देने वाला है.
बहन की बिदाई और रक्षाबंधन का त्यौहार
साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म रक्षाबंधन का ये गाना है तो बिदाई का. लेकिन इस गाने के पीछे स्टोरी यह है कि भाई एक तरफ अपनी किडनी बेचकर बहन के शादी के बाद पहली राखी पर घर आने का इंतजार करता है. लेकिन उसे फोन आता है कि उसकी बहन ने खुदकुशी कर ली है और वह बदहवास बहन के ससुराल पहुंचता है. जहां उसे अपनी बहन का शव मिलता है. यह दिल चीर देने वाला है. गाने को नूरन सिस्टर्स और रोमी ने गाया है, जो बेहद इमोशनल कर देने वाला गाना है.
रक्षाबंधन फिल्म के बारे में
फिल्म की बात करें तो आनंद एल राय द्वारा डायरेक्ट की गई फिल्म रक्षाबंधन में अक्षय कुमार लीड रोल में हैं. उनके साथ भूमि पेडनेकर अहम किरदार में हैं. इसके अलावा उनकी चार बहनों का किरदार सादिया खातिब, साहिल मेहता, सहजमीन कौर, स्मृति श्रीकांत और दीपिका खन्ना अहम किरदार में नजर आए थे. फिल्म ने 70 करोड़ के बजट में 61.61 करोड़ कलेक्शन किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं