इस साल कई हॉलीवुड फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की. इनमें हॉरर फिल्में भी शामिल हैं. 2026 में हॉलीवुड हॉरर फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की. अब ओटीटी पर हॉलीवुड की वो फिल्म आने वाली है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. यह हॉरर फिल्म ‘ली क्रोनिन'स द ममी' है. यह फिल्म अप्रैल 2026 में थिएटरों में रिलीज हुई थी. थिएटर में रिलीज के तीन महीने बाद अब यह फिल्म ओटीटी पर आ रही है.
किस तारीख को ओटीटी पर आएगी फिल्म
‘ली क्रोनिन'स द ममी' जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी. इस बात की घोषणा ओटीटी प्लेटफॉर्म ने बुधवार को की है. हॉरर फिल्म ‘ली क्रोनिन'स द ममी' 17 सितंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी. ‘ली क्रोनिन'स द ममी' एचबीओ मैक्स ऑन जियोहॉटस्टार पर देखने को मिलेगी. फिल्म अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध रहेगी. इससे देश के अलग-अलग क्षेत्रों के दर्शक अपनी पसंद की भाषा में इसे देख सकेंगे.
फिल्म की कहानी
‘ली क्रोनिन'स द ममी' 17 अप्रैल 2026 में दुनियाभर के थिएटरों में रिलीज हुई थी. अब यह भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आ रही है. फिल्म की कहानी एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है. एक पत्रकार की छोटी बेटी रेगिस्तान में अचानक गायब हो जाती है. आठ साल बाद परिवार को खबर मिलती है कि बेटी वापस मिल गई है. लेकिन खुशी का यह मौका जल्द ही एक बड़े सपने में बदल जाता है. बेटी के साथ कुछ अजीब और डरावना होता है. ली क्रोनिन ने फिल्म को लिखा और निर्देशित किया है. वे ‘एविल डेड राइज' जैसी हॉरर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. इसमें जैक रेनर, लाइया कोस्टा, मे कालामावी और अन्य कलाकार हैं. प्रोडक्शन में जेम्स वान और जेसन ब्लम जैसे नाम जुड़े हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं