राज श्री प्रोडक्शन की अगली फिल्म ये प्रेम मोल लिया जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. बीते दिनों फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ, जिसमें फिल्म की कास्ट आयुष्मान खुराना शरवरी बाग और बाकी एक्टर्स नजर आए. वैसे इस फिल्म की कास्ट काफी लंबी चौड़ी है. लेकिन इस फिल्म में बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सुप्रिया पाठक भी एक अहम किरदार निभाने जा रही हैं. हाल ही में सुप्रिया पाठक ने एनडीटीवी से बात करते हुए अपने फ़िल्मी करियर के बारे में काफी कुछ कहा.
एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती
अपने फ़िल्मी करियर के बारे में सुप्रिया पाठक ने कहा कि मैं कभी भी एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थी. मेरी बहन रतना पाठक जरूर पहले से थिएटर कर रही थीं और उन्होंने बाद में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला ले लिया था. मैंने इस फील्ड में आने का बिल्कुल भी नहीं सोचा था. मेरी मां को मुझ पर जरूर विश्वास था और मैंने अपनी मां के साथ एक नाटक किया था. वह नाटक गुजराती में था, जो वह पहले से करती हुई आ रही थीं. नाटक करने के बाद ऐसे हालात बनते गए कि मैं एक्टिंग इंडस्ट्री में शामिल हो गई. मैं इतना कह सकती हूं कि मुझे एक्टिंग में बहुत मजा आता है. मुझे अलग-अलग किरदार करने में बहुत मजा आता है. इसलिए मैं बहुत खुश हूं कि मैं बॉलीवुड में आ गई हूं. अपनी बहन रत्ना पाठक के बारे में सुप्रिया पाठक ने कहा कि हम दोनों बहने एक दूसरे के काम को बहुत अप्रिशिएट करते हैं. हमारे घर में इतने सारे एक्टर्स हैं कि हम कभी भी एक्टिंग और बॉलीवुड के बारे में बात नहीं करते. उसके अलावा और काफी चीजों पर हम बातें करते हैं.
सुप्रिया पाठक का वर्कफ्रंट
अगर सुप्रिया पाठक के वर्क फ्रंट की बात करें तो उन्होंने साल 1981 में आई फिल्म कलयुग से अपने करियर की शुरुआत की थी. जिसके बाद एक्ट्रेस बाजार, गांधी, मासूम, आवाज जैसी तमाम बड़ी फिल्मों में नजर आई. सुप्रिया फिल्मों के अलावा टेलिविजन शोज और वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं. बता दें, सुप्रिया पाठक को संजय लीला भंसाली की फिल्म गोलियों की रासलीला में अपने किरदार को लेकर जाना जाता है. आज भी फिल्मों में किए गए उनके किरदार को दर्शक काफी पसंद करते हैं. सुप्रिया पाठक फिल्म में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के साथ नजर आई थीं. इन दिनों एक्ट्रेस राजश्री की आने वाली फिल्म मैंने प्रेम मोल लिया को लेकर सुर्खियों में हैं. अब एक्ट्रेस के फैंस उनको फिर से पर्दे पर देखने के लिए काफी बेताब हैं.
ये भी पढ़ें: मोहन आगाशे से लेकर सचिन खेडेकर, मराठी इंडस्ट्री के वो एक्टर्स, अपनी दमदार कहानियों से दर्शकों का दिल जीता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं