जब भी कोई फिल्म रिलीज होने वाली होती है तो उसके प्रमोशन से लेकर के एडवरटाइजमेंट पर मेकर्स बहुत पैसा खर्च करते हैं. ऐसा माना जाता है कि फिल्म को बनाने के बाद उसका सही तरीके से प्रमोशन उसको सक्सेसफुल बनाने में मदद करता है. इस पर फिल्म की टीम का अच्छा-खासा पैसा भी खर्च होता है. लेकिन कई बार इन सबके बावजूद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाती है. वहीं कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिसमें न तो कोई बड़ा स्टार होता है, न ही कोई बड़ी पीआर कंपनी और प्रमोशन बल्कि उसकी कहानी दर्शकों के बीच उसको पसंदीदा बना देती है. आज हम आपको एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बताएंगे जिसने सिर्फ अपनी कहानी से लोगों के दिलों में जगह बनाई.
80 साल के बुजुर्ग और 70 साल की महिला बने फिल्म के हीरो-हीरोइन
इस फिल्म की खास बात है इसकी कास्ट. फिल्म में 80 साल के बुजुर्ग पदम सिंह कपरी और 70 साल की हीरा देवी ने एक्टिंग की है. सबसे खास बात ये है कि दोनों ने इसी फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखा है. पदम सिंह एक रिटायर्ड आर्मी के जवान हैं, जबकि हीरा देवी उत्तराखंड की रहने वाली हैं. इन दोनों ने फिल्म में पदम और तुलसी का रोल प्ले किया है. पदम सिंह ने फिल्म में अपने अनुभवों से ही एक्टिंग की. फिल्म पायर ( Pyre) को विनोद कापड़ी ने बनाया है. जिसमें उत्तराखंड के पहाड़ों में रहने वाले बुजुर्गों की कहानी दिखाई गई है. इस फिल्म को दुनियाभर के फिल्म फेस्टिवल में पसंद किया गया है.
क्या है 'पायर' की कहानी, क्यों खास है इसका नाम?
फिल्म में उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में रहने वाले ऐसे गांव की कहानी दिखाती है, जहां से लोग धीरे-धीरे बेहतर जिंदगी की तलाश में वहां से जा रहे होते हैं. यहीं पर पदम और तुलसी अकेले रह जाते हैं. दोनों की जिंदगी एक-दूसरे के इर्द-गिर्द घूमती है. वो दोनों अपने बेटे के आने का इंतजार कर रहे होते हैं, जो करीब 30 साल पहले ही उनको छोड़कर जा चुका है. इसी बीच बेटे की एक चिट्ठी उनकी जिंदगी में नई उम्मीद लेकर आती है, जिसमें उनका बेटा गांव वापस आ रहा होता है. फिल्म के ट्रेलर में दो इंतजार करते मां-बाप जो बिना किसी सुविधा के पहाड़ों पर रह रहे हैं. पहाड़ों पर जिंदगी कितनी कठिन है, फिल्म में इस कहानी को दिखाया गया है. लेकिन इसके बाद भी दोनों एक दूसरे का साथ फिल्म का नाम 'पायर' यानी चिता भी कहानी के अकेलेपन और बुढ़ापे के डर से जुड़ता है. फिल्म की कहानी खुद विनोद कापड़ी ने लिखी है.
2.5 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ने जीते 18 इंटरनेशनल अवॉर्ड
फिल्म का बजट महज 2.5 करोड़ है. इसको बनाने में न तो किसी स्टूडियो का सहारा लिया गया और न ही किसी बड़े बजट का. फिल्म की शुरुआत 28वें टालिन ब्लैक नाइट्स फिल्म फेस्टिवल से हुई थी, जहां पर इसे ऑडियंस अवॉर्ड मिला. इसके बाद बेंगलुरु, लंदन, स्पेन, बोस्टन और स्टटगार्ट में हुए कई फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सराहा गया. मेकर्स के मुताबिक, फिल्म को अब तक 18 इंटरनेशनल अवॉर्ड मिल चुके हैं, जिनमें 15 बेस्ट फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं. फिल्म का म्यूजिक ऑस्कर विनर माइकल डैना ने तैयार किया है और इसके गीत गुलजार ने लिखे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं