विज्ञापन

31 साल पुराना बेवफाई वाला गाना, प्रेमिका की शादी में पहुंचकर प्रेमी ने चला दी गोली, सोनू निगम की आवाज ने बनाया सुपरहिट

साल 1995 में आई फिल्म बेवफा सनम का वो गाना, जिसे सोनू निगम की दर्द भरी आवाज ने बना दिया कल्ट. इस फिल्म को गाने की वजह से मिली थी पहचान.

31 साल पुराना बेवफाई वाला गाना, प्रेमिका की शादी में पहुंचकर प्रेमी ने चला दी गोली, सोनू निगम की आवाज ने बनाया सुपरहिट
नई दिल्ली:

1995 में एक फिल्म आई थी 'बेवफा सनम', जिसकी कहानी प्यार, धोखे और बदले के इर्द-गिर्द घूमती थी. फिल्म में कृष्ण कुमार और शिल्पा शिरोडकर लीड रोल में थे. लेकिन फिल्म की कहानी से कहीं ज्यादा चर्चा इसके गानों की हुई. खासकर 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' ने लोगों के दिल में ऐसी जगह बनाई कि आज भी ब्रेकअप या धोखे की बात आते ही यह गाना याद आ जाता है. सोनू निगम की आवाज में दर्द से भरा यह गाना इतना पॉपुलर हुआ कि बॉकिस ऑफिस इंडिया ने भी फिल्म की कामयाबी के पीछे इसके 'ब्लॉकबस्टर म्यूजिक' को बड़ी वजह बताया था. 

सोनू निगम की आवाज ने दर्द को बना दिया यादगार

'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' को सोनू निगम ने गाया था. गाने का संगीत निखिल-विनय और मिलिंद सागर से जुड़ा है, जबकि इसके बोल योगेश के नाम से दर्ज हैं. फिल्म के म्यूजिक को टी-सीरीज ने रिलीज किया था. गाने में प्रेमी के दर्द और धोखे को सीधे-सीधे शब्दों में दिखाया गया है, शायद यही वजह रही कि इसे सुनने वाला खुद को इससे जोड़ पाया. 

इस गाने का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि 'बेवफा सनम' का म्यूजिक सिर्फ फिल्म की कहानी का हिस्सा नहीं रहा, बल्कि फिल्म की पहचान बन गया. निखिल-विनय ने बाद में प्लेनेट बॉलीवुड को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म के लिए पाकिस्तानी सिंगर और कंपोजर अता उल्लाह खान के लोकप्रिय गानों को दोबारा अरेंज करने का काम भी हुआ था. उन्होंने यह भी बताया कि अता उल्लाह खान का नाम कंपोजर के तौर पर क्रेडिट किया जाना तय हुआ था.

ये भी पढ़ें: यंग अमिताभ बच्चन, जो महाभारत का अभिमन्यु बन हुए पॉपुलर, पत्नी के सपनों के लिए छोड़ा बॉलीवुड, आज चलाता है रेस्टोरेंट

गाने के बोल-

अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का
हाँ, अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का
यार ने ही लूट लिया घर यार का
अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का
मेरे प्यार वाले सभी फूल मुरझाए
काँटे ही ख़िज़ाँओं वाले मेरे हिस्से आ गए
मेरे प्यार वाले सभी फूल मुरझाए
काँटे ही ख़िज़ाँओं वाले मेरे हिस्से आ गए

कृष्ण कुमार-शिल्पा शिरोडकर की जोड़ी और फिल्म की कहानी

'बेवफा सनम' में कृष्ण कुमार ने सुंदर का किरदार निभाया था, जबकि शिल्पा शिरोडकर फिल्म में ममता/शीतल के रोल में थीं. फिल्म की कहानी में सुंदर और शीतल एक-दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं. लेकिन कहानी तब पलट जाती है, जब सुंदर को धोखे का सामना करना पड़ता है. इसके बाद मामला जेल और बदले तक पहुंच जाता है. फिल्म का निर्देशन और प्रोडक्शन गुलशन कुमार ने किया था. फिल्म में अरुणा ईरानी, रीमा लागू, शक्ति कपूर, किरण कुमार और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कलाकार भी नजर आए थे.

बजट से कई गुना ज्यादा कमाई, बनी सुपरहिट

अब बात फिल्म के बॉक्स ऑफिस की तो बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक 'बेवफा सनम' का बजट करीब 1.25 करोड़ रुपये था. फिल्म ने भारत में करीब 8.44 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 8.50 करोड़ रुपये रहा. फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 4.96 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. बॉक्स ऑफिस इंडिया ने फिल्म को 'सुपरहिट' बताया. खास बात ये है कि वेबसाइट ने इसकी सफलता में इसके ब्लॉकबस्टर म्यूजिक को अहम वजह माना. 

यानी फिल्म की कहानी अपनी जगह थी, लेकिन इसके गानों ने इसे लोगों के बीच अलग पहचान दिलाई. 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' आज भी 90s के उन गानों में गिना जाता है, जिन्हें सुनते ही पुराने प्यार, धोखे और टूटे दिल की याद आ जाती है. यही इस गाने की सबसे बड़ी खासियत है—करीब तीन दशक बाद भी इसके बोल लोगों की जुबान पर हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood, Entertainment, Sonu Nigam, Bewafa Sanam 1995
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com