लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में फिल्म 'हनुमान अंश' की टीम दिल्ली में आयोजित एक खास भजन क्लबिंग कार्यक्रम का हिस्सा बनी. इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत प्रस्तुतियों का खूबसूरत संगम देखने को मिला. 'हनुमान अंश' की टीम के लिए यह शाम उस वक्त और खास बन गई, जब फिल्म से जुड़े सिंगर साधु एस. तिवारी और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मंच संभाला.
साधु तिवारी ने 'हनुमान अंश' के भक्ति गीत "पार्वती" पर अपनी प्रस्तुति दी, वहीं फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने "हृदय में जिनके सियाराम" गाया. यह गीत 'हनुमान अंश' के साउंडट्रैक का हिस्सा है, जिसे विशाल चतुर्वेदी ने अपनी आवाज दी है. इसके बोल और संगीत भी उन्हीं के हैं. प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हुई इस प्रस्तुति ने फिल्म की भक्ति भावना को लाइव मंच पर एक खास अंदाज में पेश किया.
'हनुमान अंश' के संगीत ने अपने ऐतिहासिक चार्ट प्रदर्शन से भी खास पहचान बनाई है. खास तौर पर फिल्म का ब्रेकआउट ट्रैक "पार्वती" भारत में यूट्यूब के वीकली टॉप सॉन्ग्स चार्ट में नंबर 1 और यूट्यूब के ग्लोबल म्युज़िक चार्ट में नंबर 2 तक पहुंच चुका है. बुंदेली लोक संगीत से प्रेरित इस गाने को 100 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यह ग्लोबल स्ट्रीमिंग लिस्ट में भी अपनी जगह बना चुका है और दुनियाभर में इंस्टाग्राम पर 7 लाख से ज्यादा रील्स इसके साथ बनाई जा चुकी हैं.
इसके अलावा "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान" जैसे गानों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का प्यार मिला है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इसके क्रॉस-बॉर्डर वर्जन्स ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ाया है. इस तरह 'हनुमान अंश' का संगीत एक तरफ देशभर में भक्ति संगीत के तौर पर लोकप्रिय हुआ है, वहीं दूसरी तरफ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इसे वैश्विक स्तर पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है.
दिल्ली का यह भजन क्लबिंग कार्यक्रम 'हनुमान अंश' की संगीत यात्रा में एक और खास अध्याय बन गया, जहां विशाल चतुर्वेदी और साधु तिवारी ने एक प्रतिष्ठित सभा के सामने फिल्म के भक्तिमय संगीत को मंच पर जीवंत कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं