बॉलीवुड के ‘किंग खान' शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम किया है. 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुए हमले के बाद कैप्टन स्मित ने जिस तरह हालात का सामना किया, उसकी दुनियाभर में चर्चा हो रही है. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को अपनी जान से ऊपर रखा. अब शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर उनकी हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में अपनी सुरक्षा दांव पर लगाना आसान नहीं होता, लेकिन कैप्टन ने ऐसा करके दिखाया. उन्होंने स्मित के जल्द ठीक होने की कामना भी की और कहा कि देश को उन पर गर्व है.
शाहरुख ने कैप्टन स्मित के लिए क्या कहा?
शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए लिखा कि वह उस वक्त मजबूती से खड़े रहे, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मुश्किल परिस्थिति में अपनी सुरक्षा को जोखिम में डालकर विमान में मौजूद लोगों की रक्षा करना आसान काम नहीं है. शाहरुख ने कैप्टन की इस जिम्मेदारी को ‘सच्ची बहादुरी और कर्तव्य' का उदाहरण बताया. साथ ही उन्होंने स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
शाहरुख का यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी कैप्टन स्मित की बहादुरी को लेकर चर्चा तेज हो गई. उनसे पहले सलमान खान समेत कई बॉलीवुड सितारे भी स्मित के साहस की तारीफ कर चुके हैं.
उड़ान में अचानक बदल गए थे हालात
यह मामला 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुआ. विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 174 यात्री सवार थे. उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया. हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए. इसी दौरान विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई और कुछ ही समय में स्थिति बेहद गंभीर हो गई.
Captain Smit Machchhar, you stood strong when it mattered the most!! It's not easy to stare adversity in the face and put one's safety on the line… but you did just that to protect those onboard and showed us what being a Captain entails. A true display of courage and duty.…
— Shah Rukh Khan (@iamsrk) October 3, 2026
रिपोर्टों के मुताबिक, घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की. इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचने का मौका मिला. उन्होंने मिलकर हमलावर को काबू किया और विमान को संभालने में मदद की.
गंभीर चोट के बाद भी नहीं छोड़ा हौसला
इस घटना में कैप्टन स्मित को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. रिपोर्टों के मुताबिक वह पहले सऊदी अरब के तबुक में भर्ती हुए और बाद में उन्हें अबू धाबी ले जाया गया. फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबरें सामने आई हैं. दिलचस्प बात यह है कि स्मित मच्छार का विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है. रिपोर्टों के अनुसार वह करीब 11 साल तक स्पाइसजेट के साथ काम कर चुके हैं और 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे. वह बोइंग 737 बेड़े के कैप्टन रहे हैं.
देश ही नहीं, दुनिया कर रही बहादुरी को सलाम
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ सिर्फ बॉलीवुड तक सीमित नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी उनके साहस की प्रशंसा कर चुके हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, स्मित के फैसले और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कार्रवाई ने यात्रियों और चालक दल को हमलावर को काबू करने का मौका दिया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया जा सका.
इसी बीच उनके सम्मान में पुरस्कारों की घोषणाएं भी सामने आई हैं. गुजरात सरकार ने कैप्टन स्मित को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' देने की घोषणा की है, जिसमें 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि शामिल है.
ऐसे वक्त में शाहरुख खान का संदेश भी खास बन जाता है. पर्दे पर कई बार हीरो का किरदार निभा चुके शाहरुख ने इस बार असली जिंदगी के उस शख्स को सलाम किया है, जिसने मुश्किल की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं