भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण की टीम 9 जुलाई से देशभर में बड़े स्तर पर स्कूल एक्टिवेशन अभियान शुरू करने जा रही है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत के महान महाकाव्य रामायण की भावना, आदर्शों और सांस्कृतिक विरासत को देश के बच्चों तक सीधे पहुंचाना है. अभियान के तहत 18 शहरों के 400 से अधिक स्कूलों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें 5 लाख से ज्यादा छात्र भाग लेंगे. कार्यक्रम में रामायण से प्रेरित ड्रॉइंग प्रतियोगिताएं, क्रिएटिव वर्कशॉप, क्विज और इंटरैक्टिव सेशन शामिल होंगे. इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को परिवार के साथ रामायण की कहानियों, मूल्यों और विरासत पर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें; मुख्यमंत्री बनने के बाद बड़े पर्दे पर दिखेंगे विजय, 'जन नायगन' की रिलीज डेट आई सामने
हमारा सत्य, हमारा इतिहास
“हमारा सत्य, हमारा इतिहास.” थीम पर आधारित यह अभियान नई पीढ़ी को रचनात्मकता और कहानी कहने के जरिए रामायण के अमर संदेश से जोड़ने का प्रयास करेगा. यह स्कूल अभियान निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की मेगा फिल्म रामायण की रिलीज से पहले की तैयारियों का अहम हिस्सा है. दो भागों में बन रही यह फिल्म भव्य पैमाने, भावनात्मक गहराई और अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के साथ रामायण को वैश्विक स्तर पर पेश करेगी.
बच्चों के लिए खास
फिल्म के निर्माताओं ने कहा, “रामायण सदियों से अपनी कहानियों, मूल्यों और साझा स्मृतियों के जरिए लोगों के दिलों में जीवित रही है. इस स्कूल अभियान के माध्यम से हम चाहते हैं कि बच्चे रामायण को महज एक पौराणिक कथा न मानें, बल्कि साहस, कर्तव्य, प्रेम और धर्म की प्रेरणादायक कहानी के रूप में अपनाएं, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है.”
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर विजेता DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से हो रहा है. दोनों पार्ट्स IMAX में रिलीज होंगे. पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं