Spiderman Box Office Collection Day 1: हॉलीवुड फिल्मों का भारत में क्रेज पहले भी रहा है, लेकिन स्पाइडरमैन: ब्रेंड न्यू डे ने रिलीज के पहले ही दिन जो कारनामा किया है. उसने सबको हैरान कर दिया. फिल्म ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड्स की लाइन लगा दी. पहले ओडिसी का रिकॉर्ड टूटा और फिर सात साल से नंबर वन पर चल रही एवेंजर्स- एंडगेम की ओपनिंग भी पीछे छूट गई. पहले दिन 50-60 करोड़ रुपये की कमाई के साथ टॉम हॉलैंड की फिल्म ने साबित कर दिया कि भारत में स्पाइडरमैन का जादू अभी भी सिर चढ़कर बोल रहा है.
ये भी पढ़ें: रावण, रावण और सिर्फ रावण...4000 करोड़ की रामायणम् के ट्रेलर की आन और शान बने लंकापति, हर सीन में छाए यश
ओडिसी को पीछे छोड़ा एंडगेम का भी रिकॉर्ड तोड़ा
स्पाइडरमैन: ब्रेंड न्यू डे ने पहले ही दिन करीब 55-60 करोड़ रुपये की कमाई कर भारत में हॉलीवुड फिल्मों के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया. कुछ दिन पहले रिलीज हुई ओडिसी ने पहले दिन करीब 20 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन स्पाइडरमैन ने ये आंकड़ा बड़ी आसानी से पार कर लिया. इसके बाद फिल्म ने सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. साल 2019 में रिलीज हुई एवेंजर्स- एंडगेम ने पहले दिन 53.25 करोड़ रुपये कमाकर इतिहास रचा था. ये रिकॉर्ड सात साल तक कोई हॉलीवुड फिल्म नहीं तोड़ पाई थी. लेकिन अब ब्रेंड न्यू डे ने उसे भी पीछे छोड़ दिया है. देशभर के कई मल्टीप्लेक्स में सुबह से ही शो हाउसफुल रहे. जबकि साउथ इंडिया में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला.
अब 200 करोड़ पर नजर
फिल्म में टॉम हॉलैंड, जेंडाया और सेडी सिंक अहम भूमिकाओं में हैं. इस बार कहानी सिर्फ बड़े एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि पीटर पार्कर की इमोशनल प्रॉब्लम को भी दिखाती है. यही वजह है कि फैंस फिल्म से अच्छी तरह जुड़ पा रहे हैं. हालांकि ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक एवेंजर्स- एंडगेम के कंपेरिजन में इस फिल्म के दर्शकों की संख्या कम रही है. लेकिन महंगे टिकट और IMAX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स ने इसकी कमाई को पंख लगा दिए हैं. अब उम्मीद की जा रही है कि चार दिन के एक्सटेंडेड वीकेंड में फिल्म 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा आराम से पार कर लेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं