पुराने गानों ने जिंदगी से जुड़े कई मायने होते थे. कुछ गाने को जिंदगी का सबक भी सिखाते थे. 69 साल पहले एक गाना आया था, जो अधूरी मोहब्बत और चाहत को बयां करता है. इस गाने का नाम 'जाने वो कैसे लोग थे...' है. 1957 की फिल्म 'प्यासा' का यह गाना सिर्फ गीत नहीं, एक अधूरी चाहत का आईना है. गुरु दत्त के निर्देशन में बनी इस कालजयी फिल्म में कवि विजय (गुरु दत्त) जब मेहफिल में खड़ा होकर यह बोल गाता है, तो कमरा थम जाता है.
साहिर लुधियानवी के दर्द भरे बोल
'जाने वो कैसे लोग थे...' गाने को हेमंत कुमार ने अपनी गहरी, मद्धम आवाज में गाया है. साहिर लुधियानवी के दर्द भरे बोल और एस.डी. बर्मन की कोमल धुन ने इस गाने को अमर बनाया. 'जाने वो कैसे लोग थे...' गाने का जादू ऐसे चला कि सुनने वाला अपनी ही यादों में खो जाता है. 'हमने तो जब कलियां मांगीं, कांटों का हार मिला'-यह लाइन सिर्फ फिल्म की नहीं, हर उस इंसान की कहानी लगती है जिसे प्यार में ठोकर लगी हो.
राष्ट्रीय गान से मिली प्रेरणा
यह गाना राग बिलावल में बंधा है. एस.डी. बर्मन ने इसे पियानो की हल्की, धीमी धुन के साथ सजाया, जो बाद में गुरु दत्त की फिल्मों का सिग्नेचर बन गया. किताब 'एस.डी. बर्मन: द प्रिंस- म्यूजिशियन' के अनुसार, बर्मन ने खुद बताया था कि राष्ट्रीय गान की दूसरी पंक्ति 'पंजाब सिंध गुजरात मराठा...' से उन्हें 'हमने तो जब खुशियां मांगी' जैसी लाइन की प्रेरणा मिली थी. साहिर लुधियानवी के बोल प्रेम, अकेलापन और समाज की कठोरता को एक साथ समेटे हुए लगते हैं. हेमंत कुमार की आवाज़ में वो गहराई है जो गाने को सिर्फ गाना नहीं, एक मुकम्मल भावना बना देती है.
सफल रही फिल्म
'प्यासा' में गुरु दत्त खुद मुख्य भूमिका में हैं. माला सिन्हा, वहीदा रहमान, रहमान, कुमकुम और जॉनी वॉकर ने यादगार भूमिका निभाईं. दिलीप कुमार को पहले लीड के रूप में सोचा गया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें किरदार देवदास जैसा लगा. गुरु दत्त ने खुद भूमिका निभा ली और फिल्म 1957 की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हो गई. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने लगभग 2.9 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 1.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिससे यह साल की टॉप-3 फिल्मों में रही और सुपर हिट घोषित हुई. फिल्म की धीमी शुरुआत के बावजूद यह व्यावसायिक सफलता बनी और बाद में दुनिया भर में कल्ट स्टेटस हासिल कर गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं