कुछ गाने सिर्फ सुने नहीं जाते, महसूस किए जाते हैं. खासकर तब, जब दिल किसी के जाने के बाद खाली-खाली सा लगने लगे. ऐसा ही एक गाना है ‘सच कह रहा है दीवाना', जिसे केके ने अपनी आवाज दी थी. फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में' का यह गाना आज भी टूटे दिल वालों की पसंदीदा प्लेलिस्ट में शामिल रहता है. गाने के बोल, धुन और केके की दर्द भरी आवाज मिलकर ऐसा एहसास पैदा करते हैं, जैसे कोई अपने दिल की पूरी कहानी गा रहा हो.
2001 में आई थी ‘रहना है तेरे दिल में'
‘सच कह रहा है दीवाना' साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में' का हिस्सा था. फिल्म में आर. माधवन, दीया मिर्जा और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म की कहानी प्यार, गलतफहमी और रिश्तों के उतार-चढ़ाव के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म के साथ-साथ इसके गाने भी लोगों के बीच खूब लोकप्रिय हुए. इस गाने को केके ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसके बोल समीर ने लिखे थे और संगीत हैरिस जयराज ने दिया था. केके की आवाज में गाने का दर्द इतना गहरा है कि इसके शब्द सीधे सुनने वाले के दिल तक पहुंचते हैं.
‘सच कह रहा है दीवाना' में है टूटे दिल का दर्द
गाने की सबसे खास बात इसका एहसास है. इसमें एक ऐसे इंसान की भावनाएं सुनाई देती हैं, जो प्यार में खुद को पूरी तरह खो चुका है और अब रिश्ते के खत्म होने का दर्द झेल रहा है. गाने में शिकायत भी है, पछतावा भी और उस इंसान को वापस पाने की चाह भी. केके ने इसे जिस तरह गाया, उससे गाने के हर शब्द में दर्द महसूस होता है. उनकी आवाज में मौजूद ठहराव और भावुकता इसे सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं रहने देती. यही वजह है कि ब्रेकअप या अधूरे प्यार के दौर से गुजर रहे लोगों को यह गाना अक्सर अपनी कहानी जैसा लगता है.
25 साल बाद भी नहीं हुआ पुराना
‘रहना है तेरे दिल में' को रिलीज हुए करीब 25 साल हो चुके हैं, लेकिन ‘सच कह रहा है दीवाना' आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में जगह बनाए हुए है. सोशल मीडिया के दौर में भी यह गाना अक्सर पुराने प्यार, ब्रेकअप और यादों से जुड़े वीडियो में सुनाई देता है.
ये भी पढ़ें: महबूबा नहीं मां की तारीफ में लिखा गया था 58 साल पुराना ये गाना, लता मंगेशकर की आवाज नम कर देगी आंखें
केके अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज आज भी उनके गानों के जरिए लोगों के दिलों में जिंदा है. ‘सच कह रहा है दीवाना' उन्हीं गानों में से एक है, जिसे सुनते ही पुराने रिश्ते, अधूरी बातें और किसी खास इंसान की याद फिर से ताजा हो जाती है. शायद यही वजह है कि 25 साल बाद भी इस गाने का दर्द बिल्कुल नया लगता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं