ओटीटी की दुनिया में कई सालों तक धूम मचाने के बाद अब मिर्जापुर की कहानी बड़े पर्दे पर पहुंचने वाली है. फिल्म में पुराने और पसंदीदा किरदारों की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट पहले ही बढ़ा दी है. इन्हीं किरदारों में मुन्ना भैया का नाम सबसे ऊपर है. सीरीज में मुन्ना भैया की मौत के बाद दर्शकों ने शायद ही सोचा होगा कि उनका पसंदीदा किरदार दोबारा देखने को मिलेगा. लेकिन अब दिव्येंदु एक बार फिर इस किरदार में नजर आएंगे और उनकी वापसी ने सोशल मीडिया से लेकर फैंस के बीच खूब चर्चा शुरू कर दी है.
वापसी पर दिव्येंदु ने किया मजेदार कमेंट
मुन्ना भैया के कमबैक को लेकर जब दिव्येंदु से सवाल किया गया तो उन्होंने अपने किरदार के अंदाज में ही मजेदार जवाब दिया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में ये एक गलती थी और हर कोई इससे सहमत है. इसके बाद उन्होंने अपने किरदार की स्टाइल में कहा कि वो हिंदी फिल्म के हीरो हैं और अमर हैं, इसलिए उनका कुछ नहीं हो सकता. दिव्येंदु का ये जवाब सुनकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई.
सीजन 2 में ऐसे हुई थी मुन्ना भैया की मौत
अगर मिर्जापुर सीरीज की कहानी याद करें तो सीजन 2 के आखिरी एपिसोड में मुन्ना त्रिपाठी की भिड़ंत गुड्डू पंडित और गोलू गुप्ता से हुई थी. इस दौरान मुन्ना को कई गोलियां लगी थीं और उनकी मौत हो गई थी. बाद में गुड्डू और गोलू उनके शव को वहां से लेकर चले गए थे. ऐसे में फिल्म में उनका लौटना कहानी के साथ-साथ फैंस के लिए भी बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है.
फिल्म में लौटेंगे कई पुराने चेहरे
मिर्जापुर: द मूवी में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे पुराने किरदार नजर आएंगे. पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और रसिका दुग्गल अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौट रहे हैं. वहीं बाबलू पंडित का किरदार अब जितेंद्र कुमार निभाएंगे. फिल्म में हर्षिता गौर, शीबा चड्ढा, अभिषेक बनर्जी और राजेश तैलंग भी नजर आएंगे. इनके साथ सोनल चौहान, रवि किशन, सुशांत सिंह और मोहित मलिक जैसे नए चेहरे भी कहानी का हिस्सा होंगे.
फैंस की डिमांड पर बड़े पर्दे पर पहुंची कहानी
फरहान अख्तर ने बताया कि मिर्जापुर को फिल्म के रूप में लाने के पीछे सबसे बड़ी वजह फैंस का प्यार है. उनके मुताबिक लोग लंबे समय से पूछ रहे थे कि मिर्जापुर कब आएगा. अब उनकी इसी डिमांड को पूरा करते हुए फिल्म तैयार की गई है. मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं