24 साल पहले पर्दे पर एक ऐसी फिल्म आई थी, जिसमें प्यार था, रोमांस था और अचानक कहानी में ऐसा मोड़ आता था कि दर्शक भी हैरान रह जाते थे. प्रेमी अपनी प्रेमिका को बचाने के लिए आतंकवादियों से भिड़ जाता है. लेकिन उसे क्या पता था कि इस पूरी साजिश में उसकी प्रेमिका का अपना भाई शामिल है. फिल्म की कहानी भले ही आज पुरानी लग सकती है, लेकिन इसके गाने आज भी 2000 के दशक के म्यूजिक लवर्स को उस दौर की याद दिलाते हैं. और अगर ये कहें कि मूवी से ज्यादा इसके गाने हिट हुए थे तो भी कुछ गलत नहीं होगा.
मूवी में थे 9 गाने, हर गाने का था अलग रंग
18 जनवरी 2002 को रिलीज हुई 'ये दिल आशिकाना' उस दौर की फिल्मों में से थी, जिसमें रोमांस के साथ एक्शन और सस्पेंस का तड़का भी लगाया गया था. फिल्म का निर्देशन कुकू कोहली ने किया था. लीड रोल में करण नाथ और जिविधा शर्मा नजर आए थे. कहानी करण और पूजा की प्रेम कहानी से शुरू होती है. दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और जिंदगी को साथ आगे बढ़ाने के सपने देखते हैं. लेकिन अचानक पूजा जिस फ्लाइट में सफर कर रही होती है, उसे आतंकवादी हाईजैक कर लेते हैं. इसके बाद करण अपनी जान की परवाह किए बिना पूजा को बचाने निकल पड़ता है.
लेकिन कहानी का असली ट्विस्ट तब आता है, जब करण को पता चलता है कि पूजा का भाई भी आतंकवादियों के साथ मिला हुआ है. यानी जिस लड़की को बचाने के लिए वह अपनी जान दांव पर लगा रहा था, उसके ही परिवार से जुड़ा एक शख्स इस पूरी साजिश का हिस्सा था. फिल्म की कहानी से अलग इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका म्यूजिक था. इसमें एक-दो नहीं, बल्कि कुल 9 गाने थे. उस समय जब फिल्मों के गाने कहानी का अहम हिस्सा हुआ करते थे, इस फिल्म के म्यूजिक ने भी खूब ध्यान खींचा.
कुमार सानू से सोनू निगम तक, इन आवाजों ने सजाया म्यूजिक
फिल्म के संगीत की कमान उस दौर की हिट म्यूजिक जोड़ी नादिम-श्रवण के हाथ में थी. रोमांटिक गानों के लिए मशहूर इस जोड़ी ने फिल्म के गानों में भी वही मेलोडी वाला अंदाज रखा, जो 90 के दशक और 2000 के शुरुआती सालों में खूब पसंद किया जाता था. सबसे खास बात ये थी कि फिल्म के गानों को आवाज देने के लिए उस दौर के कई बड़े सिंगर्स साथ आए थे. कुमार सानू, अल्का याग्निक, उदित नारायण, सोनू निगम और शान जैसे नाम इस एल्बम का हिस्सा थे. यानी एक ही फिल्म में इतने पॉपुलर सिंगर्स की आवाज सुनना अपने आप में म्यूजिक लवर्स के लिए खास बात थी.
फिल्म का बजट करीब 4.25 करोड़ रुपए था और इसकी कहानी लगभग दो घंटे में समेटी गई थी. आज 2000 के दशक की फिल्मों के गाने याद करने बैठें तो 'ये दिल आशिकाना' भी उन फिल्मों में शामिल हो जाती है, जिनकी कहानी से ज्यादा उनके गाने लोगों को याद रह गए.
ये भी पढ़ें: 18 साल बाद भी शादी-पार्टियों की शान है अक्षय-कैटरीना का ये गाना, बीट्स बजते ही थिरकने लगते हैं लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं