90 के दशक में अपनी खूबसूरती और ग्लैमरस अंदाज से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली ममता कुलकर्णी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनके डांस वीडियो हैं. हाल ही में राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में ममता अपनी पुरानी फिल्मों के गानों पर डांस करती नजर आईं. उन्होंने ‘करण अर्जुन', ‘घातक' और ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी' जैसे फिल्मों के गानों पर परफॉर्म किया. इससे पहले मार्च 2026 में वह टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स' में भी नजर आई थीं. यानी लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद ममता अब मनोरंजन की दुनिया से दोबारा जुड़ती दिखाई दे रही हैं.
90s में ममता कुलकर्णी ने बनाई थी अलग पहचान
ममता कुलकर्णी ने फिल्मों में कदम 1990 के दशक की शुरुआत में रखा. ‘तिरंगा' के बाद 1993 में आई ‘आशिक आवारा' ने उन्हें पहचान दिलाई. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला था. इसके बाद ‘वक्त हमारा है', ‘क्रांतिवीर', ‘करण अर्जुन', ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी' और ‘बाजी' जैसी फिल्मों में वह नजर आईं.
‘करण अर्जुन' में सलमान खान और शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई. वहीं ‘घातक' के गाने ‘कोई जाए तो ले आए' और ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी' के गानों ने भी उनकी ग्लैमरस स्क्रीन इमेज को मजबूत किया. उनकी फिल्मोग्राफी में ‘चाइना गेट', ‘किला', ‘जुड़वा' और ‘छुपा रुस्तम' समेत कई फिल्में शामिल हैं.
25 साल बाद टीवी पर दिखीं ममता
फिल्मों से दूरी बनाने के बाद ममता लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से भी दूर रहीं. 2025 के महाकुंभ में उन्होंने संन्यास की राह अपनाई और किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर की पदवी हासिल की. हालांकि बाद में इस पद को लेकर विवाद हुआ और ममता ने जनवरी 2026 में खुद पद से इस्तीफा देने की घोषणा की. उन्होंने इसे अपना आध्यात्मिक फैसला बताया था.
इसके कुछ ही समय बाद ममता ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3' में नजर आईं. यह करीब 25 साल बाद उनकी टीवी पर वापसी थी. शो में उन्होंने करण कुंद्रा, अर्जुन बिजलानी, अंकिता लोखंडे समेत कई कलाकारों के साथ मस्ती की. शो के एक एपिसोड में उन्होंने अपने फिल्मी दिनों से जुड़े किस्से भी साझा किए.
अपने ही पुराने गानों पर फिर थिरक रही हैं एक्ट्रेस
अब ममता के कई डांस वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में उन्हें अपने 90s के गानों पर डांस करते देखा गया. इस दौरान उन्होंने ‘कोई जाए तो ले आए', ‘एक मुंडा मेरी उम्र का' और ‘लंबा लंबा घूंघट' जैसे गानों पर परफॉर्म किया. खास बात यह है कि जिन गानों पर कभी ममता की अदाएं दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुई थीं, उन्हीं पर उन्हें इतने साल बाद फिर डांस करते देखना फैंस के लिए पुरानी यादें ताजा करने जैसा रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं